साल 2001 में मधुर भंडारकर के निर्देशन में 'चांदनी बार' फिल्म रिलीज हुई थी। करीब 25 साल बाद बीते दिनों निर्माता संदीप सिंह ने चांदनी बार रिटर्न्स फिल्म की घोषणा की, जिसने फैंस को उत्साहित कर दिया था। अब फिल्म के टाइटल को लेकर एक विवाद खड़ा हो गया है। IMPPA ने निर्माता संदीप सिंह के ऊपर अनुमति और मंजूरी के बिना ‘चांदनी बार’ शीर्षक का उपयोग करने के लिए नोटिस जारी किया है। आइए जानते हैं आखिर किसने और किस आधार पर लगाए आरोप।
किसने की शिकायत?
प्राप्त शिकायत के अनुसार IMPPA ने निर्माता संदीप सिंह को एक पत्र लिखा है। इसमें कहा गया है, ‘आपको सूचित किया जाता है कि हमें अपने सदस्य, मेसर्स भंडारकर एंटरटेनमेंट, श्री मधुर भंडारकर से एक शिकायत प्राप्त हुई है। इसमें कहा गया है कि आपकी कंपनी सहमति प्राप्त किए बिना "चांदनी बार रिटर्न्स" नामक सीक्वल के लिए उनके रजिस्टर्ड शीर्षक "चांदनी बार" का उपयोग कर रही है।’
निर्माता संदीप सिंह को दी गई चेतावनी
आगे पत्र में लिखा गया, 'कृपया ध्यान दें कि "चांदनी बार" शीर्षक मेसर्स भंडारकर एंटरटेनमेंट की पंजीकृत संपत्ति है। उनकी पूर्व लिखित स्वीकृति के बिना, किसी भी रूप या माध्यम में इस शीर्षक का कोई भी उपयोग अनधिकृत उपयोग माना जाएगा। साथ ही इसके विरुद्ध उचित कार्रवाई की जा सकती है। इसलिए, आपको सलाह दी जाती है कि आप तत्काल प्रभाव से उक्त शीर्षक का किसी भी प्रारूप में उपयोग बंद कर दें।’
यह खबर भी पढ़ें:
Devendra Fadnavis: अक्षय कुमार ने पूछा कौन है राजनीति का असली हीरो? मुख्यमंत्री फडणवीस ने लिया इस नेता का नाम
चांदनी बार फिल्म के बारे में
'चांदनी बार' फिल्म वेश्यावृत्ति, डांस बार और बंदूक अपराध सहित मुंबई अंडरवर्ल्ड के कठिन जीवन को दर्शाती है। 2001 में रिलीज हुई इस फिल्म में तब्बू और अतुल कुलकर्णी मुख्य भूमिकाओं में थे। इनके अलावा फिल्म में अनन्या खरे, राजपाल यादव, मीनाक्षी सहानी और विशाल ठक्कर ने भी सहायक भूमिकाएं निभाई थी।