अपनी रोमांटिक फिल्मों से दर्शकों के दिल में जगह बनाने वाले इम्तियाज अली एक हॉरर फिल्म बनाना चाहते हैं। हॉरर फिल्म का सीधा-सादा मतलब तो यही है कि जिसे देखकर लोगों को डर लगे, लेकिन इम्तियाज की सोच थोड़ी अलग है। वो हॉरर फिल्म बनाने की इच्छा तो रखते हैं, लेकिन केवल लोगों को डराने के लिए नहीं। उनका कहना है कि फिल्म में कुछ गहरी बात होनी चाहिए। दरअसल, इम्तियाज अली एक पॉडकास्ट में ये सारी बातें कह रहे थे। अपनी बातचीत में उन्होंने मधुबाला के घर में शूटिंग से जुड़ा एक किस्सा भी सुनाया।
मधुबाला के बंगले में रहता है उनका भूत!
हाल ही में, इम्तियाज अली यूट्यूबर रणवीर अल्लाहबादिया के पॉडकास्ट में आए तो उसमें भूत-प्रेत पर बात चल पड़ी। इम्तियाज अली ने बताया कि एक बार उन्होंने मधुबाला के बंगले में शूटिंग की थी। उस बंगले के बारे में कहा जाता है कि वहां मधुबाला का भूत रहता है। जब इम्तियाज उस घर में शूट कर रहे थे तो वो रात को एक अंधेरे कोने में चले जाते थे और सोचते रहते थे कि मधुबाला का भूत आएगा या नहीं। इस बातचीत में उन्होंने यह भी साफ किया कि वो आत्माओं में यकीन नहीं करते हैं।
'मधुमती' है पसंदीदा हॉरर फिल्म
इम्तियाज अली एक बार पहले भी इस बात को बता चुके हैं। मौका था मधुबाला की 89वीं जयंती का, जब इम्तियाज ने मधुबाला की फोटो साझा करते हुए इसी किस्से के बारे में बताया था। वहीं, ताजा बातचीत में उन्होंने बताया कि पहले मधुबाला के बंगले में शूटिंग करने की इजाजत नहीं मिला करती थी। बातचीत के दौरान इम्तियाज ने अपनी पसंदीदा हिंदी हॉरर फिल्म के बारे में बताते हुए कहा कि उन्हें 'मधुमती' बहुत पसंद है। अपने अगले काम को लेकर निर्देशक ने कहा कि उनका नया प्रोजेक्ट संस्मरण पर आधारित होगा।