मुंबई के मीठी नदी घोटाले में फंसे अभिनेता डिनो मोरिया एक बार फिर EOW के सामने पेश हुए हैं। जहां उनसे पूछताछ की गई। इससे पहले कल भी अधिकारियों ने डिनो मोरिया से करीब 7 घंटे तक लंबी पूछताछ की थी। अब एक बार फिर जांच अधिकारी ने डिनो मोरिया को पूछताछ के लिए बुलाया था। हालांकि, इस दौरान मीडिया ने जब डिनो मोरिया से बात करनी चाहिए तो वो कुछ भी कहने से बचते दिखे।
कल भी डिनो मोरिया से हुई थी सात घंटे पूछताछ
इससे पहले कल भी अभिनेता डिनो मोरिया को EOW ने बुलाया था और लगभग सात घंटे तक पूछताछ की थी। इस मामले में EOW की जांच में अब तक कई चौंकाने वाले खुलासे हुए हैं। जांच में यह बात सामने आई है कि डिनो मोरिया, उनके भाई और इस घोटाले के मुख्य आरोपी केतन कदम के बीच कई बार बातचीत हुई है। इन कॉल्स की रिकॉर्डिंग्स और डेटा अब जांच एजेंसियों के रडार पर हैं। सूत्रों का कहना है कि इन कॉल्स के जरिए मिली जानकारी से पूरे घोटाले की परतें खुल सकती हैं।
यह खबर भी पढ़ेंः Dino Morea: मीठी नदी घोटाले मामले में डिनो मोरिया से पूछताछ, मुंबई पुलिस की EOW के दफ्तर पहुंचे एक्टर
क्या है मीठी नदी घोटाला
यह घोटाला मुंबई महानगरपालिका की ओर से मीठी नदी की सफाई में इस्तेमाल होने वाले स्लज पुशर और ड्रेजिंग मशीनों की खरीद-फरोख्त से जुड़ा है। आरोप है कि इन मशीनों को कोच्चि की कंपनी मैटप्रॉप टेक्निकल सर्विसेज प्राइवेट लिमिटेड से ऊंचे दामों पर किराए पर लिया गया और इसमें भारी वित्तीय गड़बड़ी हुई। मामले में केतन कदम और जय जोशी को मुख्य आरोपी बताया गया है। इन दोनों पर आरोप है कि उन्होंने मैटप्रॉप कंपनी के अधिकारियों और बीएमसी के स्टॉर्म वॉटर ड्रेन्स विभाग के अधिकारियों से मिलीभगत कर करोड़ों रुपये का घोटाला किया।