34 घंटे का सफर पूरा कर इंदौर पहुंचे दिलजीत
दिलजीत दोसांझ का इंदौर कॉन्सर्ट 15 नवंबर 2026 को बायपास स्थित डिलाइट दस्तूर ग्राउंड पर होने जा रहा है। दिलजीत दोसांझ ने आज 14 नवंबर को इंस्टाग्राम स्टोरी पर एक पोस्ट शेयर किया है। इसमें उन्होंने लिखा है, '34 घंटे का सफर और हम इंदौर पहुंच गए हैं। कल मिलते हैं शाम को। जय श्री महाकाल'।
दिलजीत बोले- 'क्या लगा था नहीं आएंगे'?
इसके अलावा उन्होंने एक और स्टोरी भी शेयर की है। इसमें दिलजीत फ्लाइट में बैठे नजर आ रहे हैं। उनके साथ एक शख्स है। वह गाना गा रहा है, 'जो वादा किया वो निभाना पड़ेगा। रोके जमाना चाहे रोके खुदाई तुमको आना पड़ेगा। जो वादा किया वो निभाना पड़ेगा'। इसके बाद दिलजीत कहते हैं, 'आ गए इंदौर। क्या लगता था नहीं आएंगे? लौट आए'।
फाइनल परमिशन का इंतजार क्यों?
इंदौर पुलिस ने दिलजीत दोसांझ के कॉन्सर्ट के लिए सिक्योरिटी बढ़ा दी है। रिपोर्ट्स के मुताबिक, कॉन्सर्ट को लेकर फाइनल परमिशन इस बात पर निर्भर करेगी कि वेन्यू हर तय सुरक्षा शर्त को पूरा करता है या नहीं। कथित तौर पर मिली धमकियों की खबरों के बीच पुलिस इवेंट को लेकर तैयारियों पर कड़ी नजर रख रही है। उम्मीद जताई जा रही है कि पंजाबी सिंगर के इस कॉन्सर्ट में बड़ी संख्या में लोग आएंगे। दिलजीत भी इंदौर पहुंच चुके हैं। हालांकि, कॉन्सर्ट की फाइनल परमिशन अभी भी रिव्यू में है। यह इस बात पर निर्भर करेगी कि वेन्यू सभी जरूरी सुरक्षा स्टैंडर्ड को पूरा करता है या नहीं।