अशोक पंडित बोले- 'हमने रणवीर को तीन रिमाइंडर भेजे'
अशोक पंडित ने आगे कहा, 'शिकायत जैसे ही हम तक पहुंची, हमने इसे औपचारिक रूप से दर्ज कर लिया। इसके बाद, हमने रणवीर सिंह को तीन नोटिस जारी किए। हमने हर दस दिन में एक नोटिस भेजा, जिसमें उन्हें हमसे बातचीत करने के लिए बुलाया गया था और तीन रिमाइंडर भी भेजे। हालांकि, हमें उनकी तरफ से कोई जवाब नहीं मिला। चूंकि हमें कोई जवाब नहीं मिला, इसलिए हमने मिलकर एक प्रेस कॉन्फ्रेंस बुलाने का फैसला किया, ताकि इंडस्ट्री को हमारे फेडरेशन द्वारा लिए गए फैसले के बारे में बताया जा सके। जिस पल हमने प्रेस कॉन्फ्रेंस की घोषणा की, हमें रणवीर सिंह की तरफ से एक ईमेल मिला, जिसमें कहा गया था कि यह मामला हमारे अधिकार क्षेत्र में नहीं आता है और इसमें दखल देने का हमें कोई अधिकार नहीं है। हमने उनके इस रुख पर गौर किया और उसी के अनुसार आगे बढ़ने का फैसला किया।
'कोई भी वर्कर रणवीर के प्रोजेक्ट में काम नहीं करेगा'
अशोक पंडित के मुताबिक, 'आखिरकार, आज एक साथ बैठकर हमारे एसोसिएशन ने रणवीर सिंह के खिलाफ 'असहयोग' निर्देश जारी करने का फैसला किया है। इसका मतलब यह है कि हमारे कोई भी वर्कर या सदस्य, किसी भी विभाग से जुड़े हों, उनके किसी भी प्रोजेक्ट पर काम नहीं करेंगे। फिर चाहें वह फिल्म हो या कोई विज्ञापन। हमने सभी प्रोड्यूसर्स से अनुरोध किया है कि वे एक स्टैंड लें। एकजुट होकर हमारा साथ दें, इस तरह के बर्ताव के खिलाफ आवाज उठाएं और एक कड़ा फैसला लें। हमारा मानना है कि यह एक गलत चलन है। एक ऐसी मिसाल है, जिसे जड़ जमाने की इजाजत नहीं दी जानी चाहिए'।
बोले- 'रणवीर इंडस्ट्री के बहुत बड़े एक्टर हैं'
अशोक पंडित ने मीडिया से बात करते हुए कहा कि रणवीर सिंह हमारी इंडस्ट्री के एक बड़े स्टार हैं। जिनका हम सम्मान करते हैं। उनकी वजह से लोग थिएटरों में आए। पर्सनल किसी के साथ कुछ नहीं है। मगर, यह मसला बहुत बड़ा है। हम फैमिली की तरह हैं। हम साथ में बैठकर समाधान निकालने की कोशिश करेंगे। जब तक समाधान नहीं निकलता, यह बैन रहेगा।