IMDb यानी इंटरनेट मूवी डेटाबेस ने इंडियन सिनेमा के 25 साल पर एक खास रिपोर्ट जारी की है, जिसमें साल 2000 से 2025 तक की फिल्मों और सितारों की पॉपुलैरिटी को विस्तार से दर्ज किया गया है। इस रिपोर्ट ने न सिर्फ बॉक्स ऑफिस पर राज करने वाले सितारों की तस्वीर साफ की, बल्कि यह भी दिखाया कि दर्शकों की पसंद कैसे बदली है।
दीपिका पादुकोण बनीं पॉपुलैरिटी की क्वीन
IMDb की ताजा रिपोर्ट में एक्ट्रेस दीपिका पादुकोण ने सभी को पीछे छोड़ते हुए सबसे पॉपुलर इंडियन स्टार का खिताब हासिल किया है। खास बात यह है कि दीपिका ने इस लिस्ट में तीनों खान- शाहरुख, आमिर और सलमान को भी पछाड़ दिया है। यह रैंकिंग जनवरी 2014 से अप्रैल 2024 तक IMDb की वीकली रैंकिंग के आधार पर बनाई गई है।
टॉप 10 सेलेब्रिटीज की लिस्ट
IMDb रिपोर्ट में पिछले दशक के टॉप 10 पॉपुलर इंडियन सेलेब्रिटीज के नाम सामने आए हैं। इनमें पहले नंबर पर दीपिका पादुकोण हैं। उनके बाद शाहरुख खान दूसरे और ऐश्वर्या राय बच्चन तीसरे स्थान पर रहीं। आलिया भट्ट चौथे स्थान पर पहुंचीं, जबकि पांचवें पर दिवंगत एक्टर इरफान खान का नाम दर्ज हुआ। आमिर खान छठे, सुशांत सिंह राजपूत सातवें, सलमान खान आठवें, ऋतिक रोशन नौवें और अक्षय कुमार दसवें पायदान पर रहे। यह पहली बार है जब किसी लिस्ट में तीन महिला सेलेब्स एक साथ टॉप पर नजर आई हैं, जो इंडस्ट्री में बदलते समीकरणों की ओर इशारा करता है।
यह खबर भी पढ़ें: Tom Holland: जैंडेया को गर्लफ्रेंड कहा तो टॉम हॉलैंड ने टोका, एक्टर का जवाब सुनकर हैरान रह गया रिपोर्टर
फिल्मों की रेस में किसने मारी बाजी?
साल 2000 से 2025 तक की पॉपुलर फिल्मों की लिस्ट भी सामने आई है। इस लिस्ट में 2025 की फिल्म ‘सैयारा’ पहले स्थान पर है, वहीं विक्की कौशल की ‘छावा’ दूसरे और ‘महावतार नरसिम्हा’ तीसरे नंबर पर रही। ‘ड्रैगन’ चौथे और ‘कुली’ पांचवें स्थान पर पहुंची। हालांकि अगर पूरे 25 साल की बात करें तो शाहरुख खान का दबदबा सबसे ज्यादा रहा। रिपोर्ट के मुताबिक, टॉप फिल्मों में सबसे ज्यादा सात बार शाहरुख की फिल्में पहले स्थान पर रहीं।
शाहरुख खान अब भी इंडस्ट्री के बादशाह
IMDb रिपोर्ट में शाहरुख खान को ‘मोस्ट प्रोलिफिक हेडलाइनर ऑफ 25 इयर्स' यानी पिछले 25 वर्षों के सबसे चर्चित सितारे का खिताब दिया गया है। पिछले ढाई दशकों में उनकी 20 फिल्में IMDb की टॉप लिस्ट में शामिल हुईं। 2000 से 2004 तक लगातार हर साल उनकी फिल्में नंबर वन रहीं। यहां तक कि जिन वर्षों में उनकी फिल्म रिलीज नहीं हुई, तब भी वो पॉपुलर सेलेब्रिटीज की लिस्ट में टॉप पर बने रहे।
आमिर खान का ग्लोबल मैजिक
जहां शाहरुख बॉक्स ऑफिस के बादशाह बने रहे, वहीं आमिर खान ने ग्लोबल अपील में बाजी मारी। उनकी फिल्म ‘3 इडियट्स’ आज भी सबसे ज्यादा पसंद की जाने वाली भारतीय फिल्म है, खासकर यूरोप, यूके और ऑस्ट्रेलिया में। वहीं ‘दंगल’ ने चीन और यूएई में रिकॉर्ड बनाए। इस रिपोर्ट से यह साफ होता है कि आमिर का सिनेमा देश से ज्यादा विदेशों में गूंजता है।