मुंबई में कलाकारों की सुरक्षा को लेकर एक गंभीर मामला सामने आया है। दिग्गज अभिनेता दीपक काजिर के साथ मुंबई स्थित सिने एंड टीवी कलाकार संघ (CINTAA) के कार्यालय में कथित तौर पर मारपीट की गई। इस घटना को लेकर सिंटा की लाइफटाइम सदस्य डेजी क्लेमेंट्स ने सामने आकर कई बातें बताई हैं।
विज्ञापन
उन्होंने आरोप लगाया कि एसोसिएशन के ही कुछ सदस्यों ने दीपक के साथ मारपीट की, जिससे वह घायल हो गए। डेजी ने इस घटना पर चिंता जताते हुए कहा कि जब एसोसिएशन के कार्यालय में ही कलाकार सुरक्षित नहीं हैं, तो यह बाकी सदस्यों के लिए भी डराने वाली बात है।
Trending Videos
दीपक काजिर
- फोटो : सोशल मीडिया
क्या बोलीं डेजी क्लेमेंट्स?
डेजी क्लेमेंट्स ने बॉलीवुड क्रॉनिकल से बातचीत में बताया कि यह घटना गुरुवार, 26 नवंबर को हुई थी। उनके मुताबिक, दीपक काजिर जब सिंटा कार्यालय पहुंचे, तो उन्हें अंदर जाने से रोक दिया गया। इस पर उन्होंने दीपक पराशद से रोकने की वजह पूछी, जिसके बाद बात कथित तौर पर बढ़ गई और मारपीट की घटना हुई।
डेजी ने घटना के बारे में बात करते हुए कहा, 'यह गुरुवार (26 नवंबर) को हुआ। दीपक को अंदर जाने से रोक दिया गया और उन्होंने पूछा कि ऐसा क्यों किया जा रहा है। उन्होंने बस दीपक पराशद से पूछा कि मुझे क्यों रोका? किस वजह से? मुझे जवाब चाहिए। इसके बाद उन्हें बहुत बुरी तरह पीटा गया। अरमान तहिल, बृजेश, राम और सपन भट्टाचार्य ने उन्हें लात और मुक्कों से मारा, जिससे वह घायल हो गए।'
दीपक काजिर
- फोटो : सोशल मीडिया
दीपक की सेहत को लेकर जताई चिंता
डेजी ने दीपक की सेहत को लेकर भी चिंता जताई। उन्होंने बताया कि दीपक कैंसर के मरीज हैं और फिलहाल उनकी तबीयत ठीक नहीं है। डेजी ने कहा, 'वह अभी ठीक नहीं हैं। वह कैंसर के मरीज हैं। सिंटा के कार्यालय में ऐसा नहीं होना चाहिए। यह सच में डराने वाला है। अगर उनके साथ ऐसा हो सकता है, तो हमारे साथ भी हो सकता है।'
फिलहाल सिंटा की तरफ से इस मामले पर कोई आधिकारिक बयान सामने नहीं आया है। वहीं, मारपीट के आरोपों की स्वतंत्र रूप से पुष्टि नहीं हुई है और जिन सदस्यों के नाम इस घटना में सामने आए हैं, उनकी ओर से भी अब तक कोई प्रतिक्रिया नहीं आई है।
कौन हैं दीपक काजिर?
दीपक काजिर इंडस्ट्री का जाना-माना नाम हैं। उन्होंने कई टीवी शो, वेब शो और फिल्मों में काम किया है। इसमें 'सहर होने को है', 'स्कैम 2003: द टेल्गी स्टोरी', 'असुर', 'तेनाली रामा', 'बड़े अच्छे लगते हैं' और 'कहानी घर घर' की शामिल हैं। वह 'जाने भी दो यारो', 'रूप की रानी चोरों का राजा', 'परदेस' और 'मेट्रो... इन डिनो' जैसी फिल्मों का भी हिस्सा रहे हैं।