गायक जुबीन गर्ग के निधन ने सभी को हैरान कर दिया था। उनकी मौत को लेकर एसआईटी लगातार जांच कर रही है। इसमें कई खुलासे भी हुए और कई लोगों को हिरासत में लिया गया। अब इस जांच पर कांग्रेस के सांसद गौरव गोगोई ने टिप्पणी करते हुए असम सरकार पर आरोप लगाए हैं। चलिए जानते हैं उन्होंने क्या कहा।
असम सरकार को चेतावनी दी
कांग्रेस के सांसद गौरव गोगोई ने एएनआई से बात करते हुए दिवंगत गायक जुबीन गर्ग मौत मामले की जांच को लेकर सवाल उठाए हैं। उन्होंने कहा, "मैं हिमंत बिस्वा सरमा के नेतृत्व में चल रही असम सरकार को चेतावनी दे रहा हूं कि एसआईटी के जरिए निर्दोष लोगों को निशाना न बनाया जाए। 30 दिन से ज्यादा बीत चुके हैं और हमें अभी भी नहीं पता कि जुबीन गर्ग की मौत कैसे हुई। सच्चाई का पता लगाने के बजाय, एसआईटी का इस्तेमाल सीएम के कार्यकर्ताओं और आलोचकों को परेशान करने के लिए किया जा रहा है। 5 महीने बाद, उनकी पार्टी सत्ता से बाहर हो जाएगी।"
यह खबर भी पढ़ें: मैथ्यू पेरी के निधन के दो साल बाद बहन का चौंकाने वाला दावा, बोलीं- आज भी सुनाई देती है आवाज
एसआईटी कर रही जांच
राज्य पुलिस की सीआईडी का 10 सदस्यीय विशेष जांच दल (एसआईटी) जुबीन गर्ग की मौत के मामले की जांच कर रही है, जिसमें अब तक सात लोगों को गिरफ्तार किया जा चुका है। सिंगापुर पुलिस भी जांच कर रही है और असम से एसआईटी अधिकारी अपनी जांच के तहत दक्षिण-पूर्वी एशियाई देश का दौरा करने वाले हैं। बता दें कि जुबीन के निधन के बाद वैदिक अनुष्ठान परिवार द्वारा उनके स्टूडियो में आयोजित किए गए, जिसमें जुबीन गर्ग के पिता, पत्नी, बहन और अन्य लोग शामिल हुए।