अमेरिका के मैसाचुसेट्स स्थित फॉक्सबरो के गिलेट स्टेडियम में हुए कोल्डप्ले के कॉन्सर्ट के दौरान वायरल हुए कपल का मामला अब तूल पकड़ चुका है। क्रिस मार्टिन की परफॉर्मेंस के दौरान एक कपल 'किस कैम' पर नजर आया, जो स्पॉट होते ही असहज हो गए। बस फिर क्या था, लोगों ने तुरंत सोशल मीडिया पर इस वीडियो को वायरल कर दिया। मामला इतना बढ़ गया कि एक बड़ी टेक कंपनी एस्ट्रोनॉमर के सीईओ एंडी बायरन को छुट्टी पर भेज दिया गया है।
क्रिस मार्टिन की टिप्पणी
कॉन्सर्ट के दौरान कोल्डप्ले के सिंगर क्रिस मार्टिन ने मंच से मजाकिया अंदाज में टिप्पणी की, जब उन्होंने उस कपल को कैमरे पर देखा। कैमरे पर जैसे ही दोनों लोग कोजी होते हुए दिखे, दोनों ने झटपट अपना चेहरा छिपाने की कोशिश की। महिला ने तुरंत अपना चेहरा ढक लिया और पुरुष झुककर छिपने लगा। इस पर क्रिस मार्टिन ने कहा, 'या तो ये दोनों बहुत शर्मीले हैं या शायद अफेयर चल रहा है!'
सीईओ को छुट्टी पर भेजा गया
इस बयान के बाद सोशल मीडिया पर हंगामा मच गया। लोगों ने कपल की पहचान की कोशिश शुरू कर दी और पता चला कि ये कोई और नहीं बल्कि एस्ट्रोनॉमर नाम की डाटा टेक्नोलॉजी कंपनी के सीईओ हैं, जो शादीशुदा होते हुए अपनी ही कंपनी की एचआर प्रमुख के साथ रोमांटिक होते हुए पकड़े गए हैं। हालांकि इस बात की पुष्टि नहीं हुई है कि वीडियो में दिख रहे व्यक्ति वही हैं, लेकिन अब कंपनी ने बयान जारी कर बताया कि एंडी बायरन को लीव पर भेज दिया गया है और फिलहाल कंपनी के को-फाउंडर पीट डीजॉय को अंतरिम सीईओ बनाया गया है।
ये खबर भी पढ़ें:
MK Muthu: सीएम स्टालिन के भाई और अभिनेता एमके मुथु का निधन, 77 साल की उम्र में ली अंतिम सांस
कंपनी ने बयान में क्या कहा?
एस्ट्रोनॉमर कंपनी ने एक आधिकारिक बयान में कहा, 'हम एक जिम्मेदार नेतृत्व की उम्मीद करते हैं। इसी के मद्देनजर ये कदम उठाया गया है।' साथ ही ये भी साफ किया गया कि घटना की ऑफिशियली जांच शुरू की गई है और आने वाले दिनों में और जानकारी शेयर की जाएगी।
एंडी बायरन ने साधी चुप्पी
फिलहाल, एंडी बायरन की तरफ से इस मामले पर कोई सार्वजनिक बयान सामने नहीं आया है। कंपनी ने यह भी खारिज किया कि वीडियो में उसके अन्य कर्मचारी मौजूद थे। इसके अलावा क्रिस मार्टिन या कोल्डप्ले की तरफ से भी इस विवाद पर अब तक कोई प्रतिक्रिया नहीं दी है।