तमिलनाडु के दिवंगत मुख्यमंत्री एम करुणानिधि के सबसे बड़े बेटे और अभिनेता व सिंगर एमके मुथु का आज उम्र संबंधी बीमारियों के कारण निधन हो गया। 77 वर्षीय एमके मुथु प्रदेश के मुख्यमंत्री एमके स्टालिन के बड़े भाई थे। एमके मुथु के निधन की जानकारी परिवार ने साझा की है। एमके मुथु तमिल सिनेमा की एक जानी-मानी हस्ती थे।
आज शाम को किया जाएगा अंतिम संस्कार
राजनीतिक परिवार से आने के चलते राज्य सरकार ने एमके मुथु के निधन की जानकारी देते हुए बताया कि उनका पार्थिव शरीर लोगों के अंतिम दर्शन के लिए गोपालपुरम में स्थित एक्टर के आवास पर रखा जाएगा। वहीं प्राप्त जानकारी के मुताबिक, एमके मुथु का अंतिम संस्कार आज शाम को किया जाएगा।
सीएम एमके स्टालिन ने भाई के निधन पर जताया दुख
अपने बड़े भाई के निधन पर एमके स्टालिन ने कहा कि कलैगनार (करुणानिधि) परिवार के सबसे बड़े बेटे, मेरे प्यारे भाई एमके मुथु के निधन की खबर आज सुबह मेरे लिए एक बड़े झटके के समान थी। अपने प्यारे भाई, जिन्होंने माता-पिता की तरह मेरा ध्यान रखा और मुझे प्यार दिया, उनका जाना मेरे लिए एक बहुत बड़ा दुख और झटका है। सीएम स्टालिन और उनके बेटे व प्रदेश के उपमुख्यमंत्री उदयनिधि स्टालिन समेत राजनीति जगत के कई लोग एमके मुथु को श्रद्धांजलि देने पहुंच रहे हैं।
यह खबर भी पढ़ेंः Fish Venkat: मशहूर तेलुगु एक्टर फिश वेंकट का निधन, पवन कल्याण और अल्लू अर्जुन जैसे स्टार्स के साथ किया काम
1970 के दशक में किया एक्टिंग डेब्यू
एमके मुथु ने 1970 के दशक में एक्टिंग की दुनिया में कदम रखा था। अपनी पहली फिल्म में उन्होंने डबल रोल किया था। उन्होंने ‘पिल्लैयो पिल्लई’, ‘पूक्करी’, ‘समयालकरन’ और ‘अनैया विलक्कू’ जैसी कई यादगार फिल्मों में काम किया। एमके मुथु अभिनेता के साथ-साथ गायक भी थे। उन्होंने अपने करियर में कई यादगार गीत गाए हैं, जो आज भी लोगों की जुबान पर चढ़े हुए हैं।