दूसरा सीजन टला
'सिटाडेल' का दूसरा सीजन पहले 2025 में रिलीज होने वाला था, लेकिन अब खबर है कि इसे 2026 तक के लिए टाल दिया गया है। सूत्रों का कहना है कि अमेजन एमजीएम को सीजन 2 का अब तक का काम पसंद नहीं आया है। हालांकि, फिल्मांकन पूरा हो चुका है, लेकिन स्टूडियो अगर बदलाव की मांग करता है तो रिलीज में और देरी हो सकती है। अभी तक कोई आधिकारिक तारीख की घोषणा नहीं हुई है। इसके साथ ही, सभी स्पिन-ऑफ प्रोजेक्ट्स पर भी रोक लगा दी गई है। जेनिफर साल्के, जिनके लिए 'सिटाडेल' सबसे बड़ा दांव था, अब कंपनी छोड़ चुकी हैं। साल्के ने ही रूसो ब्रदर्स को इस प्रोजेक्ट के लिए जोड़ा था और इसे 'जेम्स बॉन्ड' की तरह पेश करने की कोशिश की थी।
Disha Salian: 'उन्हें सीबीआई ने क्लीन चिट नहीं दी', दिशा सालियान मामले में वकील ने साधा आदित्य ठाकरे पर निशाना
पहले सीजन में दिखी थीं प्रियंका
'सिटाडेल' एक अमेरिकी जासूसी सीरीज है, जिसे जोश एपलबॉम, ब्रायन ओह और डेविड वील ने बनाया था। 2021 में रूसो ब्रदर्स के साथ क्रिएटिव मतभेद के चलते एपलबॉम और लेखक आंद्रे नेमेक ने प्रोजेक्ट छोड़ दिया था। पहला सीजन 28 अप्रैल 2023 को रिलीज हुआ था, जिसमें प्रियंका चोपड़ा (नादिया सिंह) और रिचर्ड मैडेन (मेसन केन) जासूस की भूमिका में नजर आए थे। पहले सीजन के बाद इसे दूसरा सीजन मिला, लेकिन अब इसकी राह आसान नहीं दिख रही।
स्पिन-ऑफ का क्या होगा?
'सिटाडेल' की खास बात इसका वैश्विक आकर्षण था, जिसमें कई देशों में स्पिन-ऑफ की योजना थी। इनमें से दो - 'सिटाडेल: डायना' (इटली) और 'सिटाडेल: हनी बनी' (भारत) - पहले ही स्ट्रीमिंग प्लेटफॉर्म पर आ चुके हैं। इन्हें ठीक-ठाक दर्शक मिले। भारत में 'सिटाडेल हनी बनी' वरुण धवन और सामंथा रुथ प्रभु के साथ बनाई गई थी। इसके आगे बढ़ने की उम्मीद ज्यादा है। हालांकि, अभी अमेजन एमजीएम ने सीजन 2 पूरा होने तक बाकी स्पिन-ऑफ पर काम रोक दिया है। इस पर कोई आधिकारिक फैसला नहीं हुआ है।
'सिटाडेल' पर खर्च हुई मोटी रकम
'सिटाडेल' का पहला सीजन बनने में लंबा वक्त और भारी खर्च लगा। रीशूट, क्रिएटिव बदलाव और टीम के हटने से इसका बजट 200 मिलियन डॉलर (लगभग 1600 करोड़ रुपये) से ज्यादा हो गया, जो इसे सबसे महंगी सीरीज में से एक बनाता है। अमेरिका के बाहर इसे अच्छे दर्शक मिले, लेकिन शो का घरेलू प्रदर्शन कमजोर रहा। फिर भी सीजन 2 को मंजूरी मिली, जो चौंकाने वाला था। अगर दूसरा सीजन उम्मीदों पर खरा नहीं उतरा तो यह स्ट्रीमिंग का सबसे महंगा नाकाम प्रयोग बन सकता है।