चिरंजीवी बोले- 'ऐसी हरकतें क्रूर और शर्मनाक हैं'
चिरंजीवी ने अपने एक्स अकाउंट से एक लंबा पोस्ट साझा किया है। उन्होंने जान्हवी और जूनियर एनटीआर के आपत्तिजनक डीपफेक वीडियो को लेकर लिखा है, 'एआई का इस्तेमाल करके किसी महिला के अपमानजनक और मॉर्फ्ड वीडियो बनाना मुझे बहुत परेशान करता है। ऐसी हरकतें क्रूर, शर्मनाक और पूरी तरह से अस्वीकार्य हैं। मैं इनकी कड़ी निंदा करता हूं'।
'इसे मजाक या मनोरंजन नहीं माना जा सकता'
अभिनेता ने आगे लिखा है, 'यह मामला सिर्फ किसी एक व्यक्ति या एक फिल्म से जुड़ा नहीं है। आज यह किसी और के साथ हुआ है। कल यह आपके, मेरे या हमारे किसी जानने वाले के साथ हो सकता है। हम सिर्फ इसलिए चुप नहीं रह सकते कि इसका हम पर व्यक्तिगत रूप से कोई असर नहीं पड़ा है। हममें से हर किसी की जिम्मेदारी है कि हम इस तरह के दुर्व्यवहार के खिलाफ खड़े हों। जो लोग ऐसा कंटेंट बनाते हैं और जो जानबूझकर इसे फैलाते हैं, उन्हें कानून के तहत जवाबदेह ठहराया जाना चाहिए। इसे मजाक या मनोरंजन नहीं माना जा सकता'।
सरकार से की ये अपील
चिरंजीवी ने आगे लिखा है, 'मैं इस मामले को तेलुगु फिल्म चैंबर, प्रोड्यूसर्स काउंसिल और हमारी संबंधित इंडस्ट्री संस्थाओं के सामने उठाऊंगा और एक समर्पित कमेटी और सपोर्ट सेल बनाने की सिफारिश करूंगा। साइबर क्राइम अधिकारियों के साथ मिलकर काम करते हुए यह टीम प्रभावित लोगों की मदद करेगी। ऐसे कंटेंट को हटाने के लिए कोशिशें करेगी और जिम्मेदार लोगों के खिलाफ कानूनी कार्रवाई करेगी।
इस कोशिश के लिए पूरी तेलुगु फिल्म बिरादरी को एक साथ आना होगा। हमारे संगठनों, कलाकारों, टेक्नीशियनों, दर्शकों और फैंस - सभी की इसमें भूमिका है। मैं केंद्र और राज्य सरकारों से भी अपील करता हूं कि वे एआई के ऐसे दुरुपयोग के खिलाफ कड़े और असरदार कदम उठाएं'।
कब रिलीज हुई थी 'देवरा'?
अभिनेता ने आगे लिखा है, 'कृपया इन वीडियो को न देखें। न डाउनलोड करें, न शेयर करें और न ही आगे बढ़ाएं। भले ही आपका मकसद इनकी निंदा करना ही क्यों न हो। इसके बजाय, संबंधित प्लेटफॉर्म और साइबर क्राइम अधिकारियों को इनकी रिपोर्ट करें। इंसानी गरिमा की रक्षा करना हमारी सामूहिक जिम्मेदारी है। आइए हम सब मिलकर खड़े हों, आवाज उठाएं और कार्रवाई करें'।
बता दें कि फिल्म ‘देवरा' 27 सितंबर 2024 को रिलीज हुई थी। फिल्म में जूनियर एनटीआर और जान्हवी कपूर अहम भूमिकाओं में थे। इस फिल्म से जान्हवी ने साउथ में डेब्यू किया था। हालांकि, बॉक्स ऑफिस पर यह फिल्म नहीं चल पाई थी।