फैंस अपने चहेते कलाकारों की फिल्मों का बेसब्री से इंतजार करते हैं और उससे जुड़ी अपडेट चाहते हैं। बीते 6 अप्रैल को रामनवमी के मौके पर कई फिल्मों से जुड़े अपडेट सामने आए, मेकर्स ने फिल्म के नए पोस्टर और फिल्म से जुड़ी नई जानकारियां साझा कीं। लेकिन इस दौरान पवन कल्याण और मेगा स्टार चिरंजीवी के फैंस काफी निराश हो गए। जानिए आखिर इसके पीछे क्या वजह रही।
रामनवमी के अवसर पर एक ओर जहां राम चरण की बहुप्रतीक्षित फिल्म ‘पेद्दी’ की पहली झलक सामने आई, तो वहीं इसके अलावा और भी कई फिल्मों से जुड़ी जानकारियां और उनके पोस्टर्स रिलीज हुए। ऐसे में मेगा स्टार चिरंजीवी और पवन कल्याण के फैंस को भी उम्मीद थी कि दोनों स्टार्स की आगामी फिल्मों को लेकर कोई तो नया पोस्टर या अपडेट सामने आएगी।
फैंस इस उम्मीद में बैठे थे कि चिरंजीवी की आगामी फिल्म ‘विश्वंभरा’ और पवन कल्याण की ‘हरि हर वीरा मल्लू’ को लेकर भी कोई अपडेट रामनवमी के मौके पर सामने आएगी। हालांकि, पूरा दिन इंतजार के बाद भी इन फिल्मों से जुड़ा कोई नया पोस्टर या कोई भी जानकारी सामने नहीं आई। जिसके बाद इन दोनों ही स्टार के फैंस काफी निराश हुए।
फैंस ने मेकर्स से की फिल्म को लेकर कोई जानकारी देने की अपील
फैंस लंबे वक्त से इन दोनों ही फिल्मों का इंतजार कर रहे हैं और इनसे जुड़ी जानकारी जानना चाहते हैं। लेकिन फिलहाल तो इन फिल्मों के बारे में कोई भी नई अपडेट सामने नहीं आ रही है। अब रामनवमी के मौके पर भी फिल्मों से जुड़ी कोई जानकारी सामने नहीं आने के बाद, फैंस अब निर्माताओं से अपील कर रहे हैं कि उनकी मांगों को गंभीरता से लिया जाए। फैंस की मांग है कि फिल्म को लेकर कोई जानकारी दी जाए और फिल्मों का प्रमोशन शुरू किया जाए।
यह खबर भी पढ़ें: Peddi: जानें कब सामने आएगा राम चरण की ‘पेड्डी’ का हिंदी टीजर, दर्शक कर रहे इंतजार
9 मई को रिलीज होनी है पवन कल्याण की फिल्म
पवन कल्याण की ‘हरि हर वीरा मल्लू’ का टीजर पिछले साल ही जारी कर दिया गया था। यह फिल्म 17वीं शताब्दी के मुगल साम्राज्य के दौरान सेट की गई एक महत्वाकांक्षी पीरियड एक्शन ड्रामा है। फिल्म में वीरा मल्लू की कहानी है, जो एक महान डाकू है जो अन्याय के खिलाफ उठता है और पीड़ितों का बचाव करता है। इस फिल्म में पवन कल्याण के अलावा बॉबी देओल विलेन की भूमिका में नजर आएंगे। जबकि निधि अग्रवाल और नोरा फतेही भी अहम भूमिकाओं में दिखाई देंगी। फिल्म अभी भी 9 मई को ही रिलीज होनी है, लेकिन फिल्म से जुड़ी कोई जानकारी अब तक सामने नहीं आई है।
यह खबर भी पढ़ें: Good Bad Ugly Advance Booking: धांसू ओपनिंग लेने की तैयारी में 'गुड बैड अग्ली', एडवांस बुकिंग में मचाया धमाल
अटक गई चिरंजीवी की ‘विश्वंभरा’
चिरंजीवी की ‘विश्वंभरा’ पहले इसी साल संक्रांति के मौके पर रिलीज होनी थी। हालांकि, फिल्म की रिलीज आगे बढ़ा दी गई। साल की शुरूआत में बताया गया था कि फिल्म के वीएफएक्स पर अभी काम चल रहा है। फिल्म की नई रिलीज डेट अभी सामने नहीं आई है।