चिन्मयी ने लिखा, 'कुछ नहीं बदला'
सिंगर चिन्मयी श्रीपदा ने अपने एक्स अकाउंट से एक पोस्ट शेयर किया है। इसमें उन्होंने वह अनुभव साझा किया, जब उन्होंने अरिजीत सिंह के साथ काम किया। वे लिखती हैं, 'मुझे याद है जब अरिजीत ने प्रीतम सर के लिए मुझे रिकॉर्ड किया था। तब मैं उनसे मिली थी। और, मुझे याद है कि मैंने उनसे कहा था कि वह बॉलीवुड पर राज नहीं कर रहे हैं या ऐसा कुछ नहीं है।तब तक 'तुम ही हो' रिलीज नहीं हुआ था। फिर, जब वे इंडस्ट्री के सबसे चहेते और डिमांडिंग सिंगर बने, उसके बाद भी मैंने उनके साथ कई बार काम किया और कुछ भी नहीं बदला था'।
'उन्होंने जो भी प्लान किया है, कुछ खास होगा'
चिन्मयी ने आगे लिखा है, 'वह मेरे पसंदीदा म्यूजिशियन, सिंगर्स में से एक हैं। कुल मिलाकर मैं कह सकती हूं कि वे सबसे बेहतरीन हैं। वे आध्यात्मिक रूप से विकसित इंसानों में से एक हैं, जिनसे मैं मिली हूं। उनसे मिलकर हमेशा लगा कि कोई है, जो ऊंचे मकसद से काम करता है। एक म्यूजिशियन के तौर पर उन्होंने अपने लिए जो भी प्लान किया है, वह किसी दैवीय चीज से कम नहीं होगा।
बी प्राक से श्रेया घोषाल तक इन सेलेब्स ने भी दिए रिएक्शन
इंडस्ट्री के कई और सिंगर और सेलेब्स ने भी अरिजीत के प्लेबैक सिंगिंग से रिटायरमेंट पर रिएक्शन दिए हैं। रैपर बादशाह ने लिखा है, 'सदियों में एक'। अमाल मलिक ने लिखा है, 'यह सुनकर यकीन नहीं हो रहा। मुझे समझ नहीं आ रहा, लेकिन मैं आपके फैसले की इज्जत करता हूं! बस इतना जान लो कि मैं अरिजीत सिंह का फैन था, हूं और हमेशा रहूंगा'। वहीं, सिंगर बी प्राक ने लिखा है, 'पूरी जिंदगी आपका फैन हूं'। सिंगर श्रेया घोषाल ने लिखा है, 'यह अरिजीत सिंह के एक नए दौर की शुरुआत है। मैं यह सुनने, देखने और अनुभव करने के लिए बहुत उत्साहित हूं कि यह जीनियस क्या कमाल करता है! उनके जैसे काबिल कलाकार को कभी भी पारंपरिक तरीकों और माध्यमों से परिभाषित नहीं किया जा सकता और न ही उन्हें किसी तय फॉर्मूले में बांधा जा सकता है। मेरे प्यारे अरिजीत, अब और ऊंची उड़ान भरने का समय है'। अली गोनी ने लिखा है, 'काश यह सच न हो'।
उदित नारायण बोले- 'उसका काम लोगों के दिलों में बस गया'
सिंगर उदित नारायण ने भी स्क्रीन से बात करते हुए अपना रिएक्शन दिया। उन्होंने कहा, 'अरिजीत ने बहुत कम समय में बहुत अच्छा काम किया। अवॉर्ड, इनाम, शोहरत, पैसा और स्टेज का क्रेज, उसने यह सब अपने सबसे अच्छे रूप में देखा। अगर वह रिटायर होना चाहता है तो यह उसका फैसला है, लेकिन वह संगीत नहीं छोड़ेगा। यह उसकी मर्जी है, लेकिन उसका काम लोगों के दिलों में बस गया है और हमेशा रहेगा'।
संगीत बनाना जारी रखेंगे अरिजीत
अरिजीत सिंह ने अपने इंस्टाग्राम पर एक पोस्ट शेयर कर प्लेबैक सिंगिंग से संन्यास की जानकारी साझा की। पोस्ट में उन्होंने लिखा, ‘हैलो, आप सभी को नव वर्ष की हार्दिक शुभकामनाएं। इतने वर्षों तक श्रोताओं के रूप में मुझे इतना प्यार देने के लिए आप सभी का धन्यवाद। मुझे यह घोषणा करते हुए खुशी हो रही है कि अब से मैं प्लेबैक सिंगर के रूप में कोई नया काम नहीं लूंगा। मैं इस पेशे को अलविदा कह रहा हूं। यह एक शानदार सफर रहा।’ इसके अलावा उन्होंने अपने एक्स अकाउंट पर भी कई ई ट्वीट करके यह घोषणा की थी। उन्होंने यह भी कहा, ‘भगवान मुझ पर बहुत मेहरबान रहे हैं। मैं अच्छे संगीत का प्रशंसक हूं और भविष्य में एक छोटे कलाकार के रूप में और भी सीखूंगा और अपने दम पर और भी काम करूंगा। आपके समर्थन के लिए एक बार फिर धन्यवाद। मैं साफ तौर पर कहना चाहता हूं कि मैं संगीत बनाना बंद नहीं करूंगा।’ अरिजीत ने स्पष्ट किया कि वो सिर्फ प्लेबैक सिंगिंग से रिटायरमेंट ले रहे हैं। लेकिन वो संगीत बनाना जारी रखेंगे।
अरमान मलिक का पोस्ट
अरमान ने अरिजीत के साथ एक पुरानी तस्वीर शेयर करते हुए अपनी इंस्टाग्राम स्टोरी पर लिखा, 'रूह जानती है कि रास्ता बदलने का समय कब आ गया है। जो मिल रहा है, वह अब उसकी सबसे बड़ी पुकार को पूरा नहीं करता। मुझे नहीं पता कि नदी समुद्र से कहां मिलती है, लेकिन मुझे बहाव और उसे निर्देशित करने वाली कृपा पर भरोसा है। आने वाले जादू के लिए। पार्श्व गायन की कला में आपने जो योगदान दिया है, उसके लिए धन्यवाद अरिजीत।'