रघुबीर यादव बताते हैं कि पहली बार ‘पंचायत’ की स्क्रिप्ट पढ़ने के बाद उन्होंने मेकर्स से कहा था कि- 'इसमें तो एक्टिंग की गुंजाइश नहीं है।' सुनने में यह बात थोड़ी अजीब लग सकती है, लेकिन रघुबीर का मतलब साफ था। उन्हें लगा कि इस कहानी और किरदार को अभिनय के जरिए नहीं दिखाया जा सकता। यहां तो किरदार को आत्मसाध करके परदे पर जीना होगा। जानें, इस सीरीज के बारे में और क्या बोले रघुबीर?
कैसे मिली 'पंचायत' वेब सीरीज?
‘पंचायत’ से जुड़ने का किस्सा बताते हुए रघुबीर कहते हैं, 'कुछ नहीं, बस ऐसे ही मिल गई थी। ये लोग लिख रहे थे। पता नहीं, कैसे मुझे बुला लिया। मैंने उनसे यही कहा कि जिस तरह इसे लिखा गया है, इन जिंदगियों से मैं अच्छी तरह से वाकिफ हूं। मैं बिहार, राजस्थान, यूपी, एमपी सब जगह रहा हूं। वहां की जुबान की मुझे थोड़ी जानकारी है। वहां की जुबान का जो टेस्ट है, वो मुझे पता है। जुबान का जो संगीत है, वो भी मुझे पता है। हालांकि, स्क्रिप्ट पढ़ने के बाद मुझे लगा कि इस किरदार में बनावटी अभिनय की गुंजाइश नहीं है। मैंने राइटर्स से कहा कि भैया, इसमें तो एक्टिंग की जरा भी गुंजाइश नहीं है। अगर एक्टिंग करोगे तो मारे जाओगे। इन किरदारों में तो हमें डूबकर ही काम करना पड़ेगा।'
रघुबीर यादव
- फोटो : सोशल मीडिया
'मैं हमेशा बेहतरी की तरफ रहा हूं'
नई पीढ़ी के बीच ‘पंचायत’ की लोकप्रियता को लेकर रघुबीर यादव कहते हैं, 'बदलाव तो आया ही है...मैं तो हमेशा बेहतरी की तरफ ही रहा हूं। बीच में जब मैं फिल्मों की तरफ आया तो इंडस्ट्री जिस तरह की दिशा में जा रही थी, उसमें मुझे भी झोंकने की कोशिश हुई। लेकिन मैं बच के रहा और इसके लिए मुझे बड़ी मशक्कत भी करनी पड़ी।'
वह आगे कहते हैं, 'मैं जानता था कि एक जमाना तो आएगा, क्योंकि चीजें घूम-फिरकर वापस आती हैं। पहले बिगड़ती हैं, फिर बनती हैं। मैंने बिगड़ते हुए भी देखा है और बनते हुए भी देख रहा हूं। ‘पंचायत’ जब मिली तो लगा कि अगर इसे बेहतर तरीके से किया गया, तो लोगों को पसंद आएगी।'
वेब सीरीज 'पंचायत' का एक सीन
- फोटो : एक्स (ट्विटर)
'पूरा परिवार साथ बैठकर देखे'
अभिनेता की मानें तो वह हमेशा ऐसा काम करना चाहते रहे हैं, जिसे पूरा परिवार साथ बैठकर देख सके। वह कहते हैं, 'मैं जो भी काम करूं चाहता हूं कि पूरा परिवार साथ बैठकर देखे। मेरी हमेशा से यही नीयत रही है। ऐसा नहीं कि सिर्फ बच्चों या जवानों को पसंद आए या किसी खास वर्ग को। मैं वही काम करना चाहता हूं, जो सबको अच्छा लगे और लोग साथ बैठकर देख सके।'
वेब सीरीज 'पंचायत' का एक सीन
- फोटो : एक्स (ट्विटर)
'उम्मीद नहीं थी इतना हिट हो जाएगा'
सीरीज की सफलता को लेकर अपने शुरुआती अनुमान के बारे में रघुबीर कहते हैं, 'जब इसकी शुरुआत हुई तब मुझे लगा था कि 50 प्रतिशत तक लोग इसे पसंद कर सकते हैं। लगा था कि अगर लोगों को पसंद आया तो शायद ये आगे भी जाएगा, लेकिन ये इतना बड़ा हो जाएगा इसकी बिल्कुल उम्मीद नहीं थी। आज यह जिस मुकाम पर पहुंच गया है, मेरे खयाल से वो 100 प्रतिशत है। फिर भी इसकी उत्सुकता कम नहीं हुई है। सीजन 5 हो या सीजन 6, लोगों में पहले दिन जैसी ही उत्सुकता रहेगी। ऐसी सीरीज बहुत कम बनती हैं।'
वह इसकी वजह बताते हुए कहते हैं, 'सबसे बड़ी बात ये है कि पूरा परिवार साथ बैठकर इसे देखता है और मजे लेता है। इसलिए इसकी उत्सुकता बनी रहेगी। इस तरह का काम किस्मत से मिलता है। जब ऐसा काम मिल जाए तो उसमें जुड़े रहना ही बेहतर है।'
पंचायत सीजन 5
- फोटो : सोशल मीडिया
पंचायत के सीजन 5 पर क्या बोले रघुबीर?
अब दर्शक पंचायत सीजन 5 के लिए इंतजार कर रहे हैं। इस बारे में जब रघुबीर से अपडेट मांगी गई तो वह बोले, 'अभी मैं क्या बताऊं? इतना ही कहूंगा कि जो होगा, अच्छा ही होगा। कहानी में आगे क्या होने वाला है, ये अभी बता दिया तो लोगों की उत्सुकता खत्म हो जाएगी। पंचायत सीरीज की ताे खासियत ही यह रही है कि लोग ये जानना चाहते हैं कि आगे क्या होगा, तो आपको भी थोड़ा इंतजार करना चाहिए।'