आशुतोष राणा और महेश भट्ट
- फोटो : सोशल मीडिया
शुरुआत में महेश भट्ट ने दिए छोटे रोल
महेश भट्ट के साथ अपने रिश्ते और काम के बारे में बात करते हुए अभिनेता ने बताया कि ‘स्वाभिमान’ में पहले उनका किरदार सिर्फ दो एपिसोड का था। लेकिन बाद में इसे बढ़ाया गया और ये मुख्य किरदार बन गया। इसके बाद उन्होंने महेश भट्ट के साथ ‘तमन्ना’ और ‘गुलाम’ जैसी फिल्मों में काम किया। हालांकि, इन दोनों ही फिल्मों में आशुतोष राणा की भूमिका काफी सीमित थी। लेकिन अभिनेता ने माना की महेश भट्ट और उनका संबंध काफी अच्छा था और महेश भट्ट उनकी काफी प्रशंसा भी करते थे।
‘दुश्मन’ के लिए आशुतोष राणा नहीं थे पहली पसंद
आशुतोष राणा को पहचान साल 1998 में आई ‘दुश्मन’ फिल्म से मिली। हालांकि, आशुतोष राणा इस फिल्म के लिए महेश भट्ट की पहली पसंद नहीं थे। आशुतोष राणा ने बताया कि महेश भट्ट ने किसी और अभिनेता के साथ फिल्म शुरू कर दी थी। हालांकि, वो कई बार भट्ट साहब से फिल्म में काम मांग चुके थे, लेकिन उन्होंने ये कहते हुए मना कर दिया कि ‘तुम मुस्कुराते वक्त एक बच्चे की तरह लगते हो। जबकि ये एक दुर्दांत विलेन का किरदार है।’
पूजा भट्ट की सिफारिश पर मिली ‘दुश्मन’
‘दुश्मन’ फिल्म कैसे मिली? इसके पीछे की कहानी सुनाते हुए आशुतोष राणा ने बताया कि ये फिल्म उन्हें पूजा भट्ट की वजह से मिली। एक्टर ने साझा किया कि पूजा भट्ट ने उन्हें ‘गुलाम’ फिल्म के रफ ट्रायल में देखा, जिसमें उनका सिर्फ एक सीन था। उस सीन को देखकर ही पूजा भट्ट प्रभावित हो गईं। इसके बाद पूजा भट्ट ने ही महेश भट्ट से आशुतोष राणा को ‘दुश्मन’ फिल्म में लेने की सिफारिश की। पूजा ने यहां तक कहा कि अब तक जितनी फिल्म शूट हुई है उसे कैंसिल करके नए सिरे से बनाइए। लेकिन 'दुश्मन' का गोकुल पंडित तो आशुतोष राणा ही होंगे। इस तरह आशुतोष राणा बने दुर्दांत गोकुल पंडित।
ऐसे आया ‘हमारे राम’ का विचार
अपने लोकप्रिय नाटक ‘हमारे राम’ की शुरुआत कैसे हुई? इस पर आशुतोष राणा ने बताया कि इसकी शुरुआत कहीं न कहीं बचपन में देखने वाली रामलीला से हुई। एक्टर ने बताया, ‘मुझे बचपन से ही रामलीला काफी पसंद थी। वो मुझे काफी प्रभावित करती थी। तभी से मैंने सोचा था कि एक बार रामलीला को मंच पर करेंगे और मैं उसमें रावण का किरदार निभाऊंगा। इसलिए ‘हमारे राम’ की मानसिक तौर पर तैयारी बचपन से ही शुरू हो गई थी। लेकिन इसे शो के तौर पर साकार साल 2024 में कर पाया। अब सिर्फ डेढ़-दो साल में ही ये काफी लोकप्रिय हो गया है।’
अपकमिंग प्रोजेक्ट
इस दौरान आशुतोष राणा ने अपने आने वाले प्रोजेक्ट्स के बारे में भी बात की। अभिनेता ने बताया कि वो जल्द ही कॉमेडी फिल्म ‘वन टू चा चा चा’ में नजर आएंगे। यह फिल्म 16 जनवरी को सिनेमाघरों में रिलीज होनी है।