टेलीविजन पर पहले कई शो कई साल चलते थे। दर्शक उनसे जुड़ जाते थे और किरदार घर-घर में पहचाने जाने लगते थे। अब ऐसा कम देखने को मिलता है। अच्छी कहानी और जाने-माने कलाकार होने के बाद भी किसी शो का भविष्य तय नहीं होता। अभिनेता अक्षय म्हात्रे भी मानते हैं कि पिछले कुछ साल में टीवी की दुनिया बदली है। खासकर कोविड के बाद दर्शकों की पसंद में काफी बदलाव आया है। अब अच्छे कंटेंट और कलाकारों के बावजूद किसी शो के लंबे चलने की गारंटी नहीं है।
अक्षय ने अमर उजाला से बातचीत में टीवी इंडस्ट्री के इस बदलाव पर बात की। उन्होंने बताया कि ओटीटी के आने से टीवी के सामने चुनौती जरूर बढ़ी है, लेकिन सोशल मीडिया फॉलोअर्स से लेकर दूसरे माध्यमों में काम पाने तक कलाकारों को कई बातों का ध्यान रखना पड़ता है। अक्षय इन दिनों शो 'हमारी राधा' में नजर आ रहे हैं। शो ने हाल ही में 100 एपिसोड पूरे किए हैं।
अक्षय म्हात्रे
- फोटो : इंस्टाग्राम- @akshaymhatre11
कहानी, कलाकार, केमिस्ट्री तीनों हैं जरूरी
टीवी शो के 100 एपिसोड पूरे करने के लिए क्या सबसे ज्यादा जरूरी है? इस पर अक्षय कहते हैं, 'अच्छी कहानी, कलाकारों की केमिस्ट्री और टीआरपी, ये सभी चीजें जरूरी हैं। लेकिन कई बार इन सबके होने के बावजूद शो नहीं चलता। मुझे लगता है कि मेहनत के साथ किस्मत की भी भूमिका होती है। सबसे बड़ी बात दर्शक हैं। आप अंदाजा नहीं लगा सकते कि उन्हें कौन सा किरदार पसंद आ जाएगा या वे किस कहानी से जुड़ जाएंगे। आखिर में दर्शक ही तय करते हैं कि कौन सा शो 100 एपिसोड पूरे करेगा और कौन इतिहास बनाएगा। सेट का माहौल और शो का फॉर्मेट भी मायने रखता है।'
अक्षय म्हात्रे
- फोटो : इंस्टाग्राम- @akshaymhatre11
टीवी इंडस्ट्री पर क्या बोले अक्षय?
टीवी इंडस्ट्री में आए बदलाव पर अक्षय कहते हैं, 'कंटेंट के मामले में टेलीविजन काफी आगे बढ़ा है। अब शो मनोरंजन के साथ सामाजिक मुद्दों को भी उठाते हैं। लेकिन पहले आमतौर पर शो एक-दो साल तक चलते थे। कोविड के बाद दर्शकों की पसंद बदली है। आज अच्छे कंटेंट और प्रतिभाशाली कलाकार होने के बाद भी शो के लंबे चलने की गारंटी नहीं है। मुझे उम्मीद है कि अच्छा कंटेंट देर-सवेर अपने दर्शक ढूंढ ही लेगा।'
अक्षय म्हात्रे
- फोटो : इंस्टाग्राम- @akshaymhatre11
ओटीटी से बढ़ी प्रतिस्पर्धा, फिर भी टीवी की अपनी जगह
ओटीटी प्लेटफॉर्म के आने से दर्शकों के पास मनोरंजन के कई विकल्प हैं। ऐसे में टीवी के लिए चुनौती बढ़ना स्वाभाविक है। अक्षय भी इससे इनकार नहीं करते। वह कहते हैं, 'आज दर्शकों के पास पहले से कहीं ज्यादा कंटेंट है। लेकिन टीवी का एक वफादार दर्शक वर्ग भी है। बहुत से लोगों के लिए टेलीविजन रोजमर्रा की जिंदगी का हिस्सा है। उनका इससे अलग जुड़ाव है। इसलिए ओटीटी से प्रतिस्पर्धा बढ़ने के बावजूद टीवी की अपनी जगह बनी हुई है।'
फॉलोअर्स देखकर भी मिलने लगा है काम
सोशल मीडिया पर कलाकारों के फॉलोअर्स की संख्या भी अब उनके काम से जुड़ गई है। क्या किसी कलाकार के लिए फॉलोअर्स उतने ही जरूरी हो गए हैं जितनी उसकी अभिनय क्षमता? इस पर अक्षय कहते हैं, 'आज सोशल मीडिया फॉलोअर्स की अहमियत बढ़ी है। इससे कलाकार को पहचान मिलती है और करियर की शुरुआत में काम मिलने में भी मदद हो सकती है। लेकिन लंबे समय तक टिके रहने के लिए प्रतिभा और मेहनत जरूरी है। इंडस्ट्री में आपके रिश्ते और काम के जरिए बनी पहचान भी मायने रखती है।'
अक्षय म्हात्रे
- फोटो : इंस्टाग्राम- @akshaymhatre11
टीवी से फिल्मों में जाना आज भी आसान नहीं
टीवी पर कई साल काम करने वाले कलाकारों के लिए फिल्मों और ओटीटी में जगह बनाना हमेशा आसान नहीं रहा है। वह कहते हैं, 'टीवी कलाकारों को लेकर लोगों की सोच बदली है, लेकिन कुछ धारणाएं अब भी हैं। कई साल टीवी पर काम करने वाले कलाकारों को कभी-कभी इस वजह से भी मुश्किल होती है कि लोग उन्हें एक खास छवि में देखने लगते हैं। हालांकि, अब इंडस्ट्री अलग-अलग माध्यमों से आने वाले कलाकारों को मौका दे रही है। कई टीवी कलाकारों ने फिल्मों और ओटीटी पर भी अपनी जगह बनाई है। इससे पता चलता है कि सही मौका मिले तो यह बदलाव मुश्किल नहीं है।'
अक्षय म्हात्रे
- फोटो : इंस्टाग्राम- @akshaymhatre11
काम की अनिश्चितता भी झेलते हैं कलाकार
टीवी पर कलाकारों की जिंदगी जितनी आसान दिखती है, काम के दौरान ऐसा नहीं होता। 'लंबे काम के घंटे, लगातार मेहनत और काम में बनी रहने वाली अनिश्चितता ऐसी चीजें हैं, जो दर्शकों को दिखाई नहीं देतीं। टेलीविजन ने मुझे कई अच्छे मौके और किरदार दिए हैं। इसके लिए मैं हमेशा आभारी रहूंगा। लेकिन यह आसान पेशा नहीं है। यहां अच्छे दिनों के साथ मुश्किल दिन भी आते हैं। धैर्य रखना पड़ता है और लगातार मेहनत करनी होती है। बाहर से यह काम जितना ग्लैमरस दिखता है, पर्दे पर आने वाले नतीजे के पीछे उतनी ही मेहनत होती है।'