इन दिनों आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस (एआई) से बनाई गई कई वीडियो इंटरनेट पर मौजूद हैं। कई कलाकारों के चेहरे का इस्तेमाल करके भी यह वीडियो बनाई जाती हैं। हाल ही में साउथ के अभिनेता चिरंजीवी ने इल्जाम लगाया है कि कुछ वेबसाइट्स उनके नाम और तस्वीर का इस्तेमाल करके एआई के जरिए डीपफेक और अश्लील सामग्री वाले वीडियो प्रसारित कर रही हैं। उन्होंने इसकी शिकायत की है। पुलिस ने सोमवार को इस बात की जानकारी दी है कि इस पर केस दर्ज कर लिया गया है।
क्या है शिकायत?
शिकायत में, अभिनेता ने कहा कि इन वेबसाइट्स ने उनके नाम और तस्वीर का इस्तेमाल करके एआई-जनित और मॉर्फ्ड वीडियो वितरित किए हैं। इनमें उन्हें अश्लील कृत्यों में गलत तरीके से दिखाया गया है।
एक पुलिस अधिकारी ने बताया कि शिकायत के आधार पर, 25 अक्तूबर को साइबर अपराध पुलिस स्टेशन में आईटी अधिनियम और दूसरी धाराओं के तहत मामला दर्ज किया गया और आगे की जांच जारी है।
चिरंजीवी
- फोटो : इंस्टाग्राम @chiranjeevikonidela
लोगों की धारणा बदल रही है
अभिनेता की शिकायत के अनुसार कुछ वेबसाइट्स ने हाल ही में प्रसारित किए जा रहे एआई-जनित वीडियो के जरिए चिरंजीवी की कड़ी मेहनत से हासिल शोहरत को नुकसान पहुंचाया है।
ये वीडियो पूरी तरह से फर्जी हैं और एआई का उपयोग करके बनाए गए हैं जो उनके चेहरे की विशेषताओं और व्यक्तित्व को अश्लील सामग्री में बदल देते हैं। इन वीडियो से जनता की धारणा विकृत हो रही है और उनकी सद्भावना को नुकसान पहुंच रहा है।
अभिनेता ने किया अनुरोध
अभिनेता ने आरोपी वेबसाइटों और एआई सामग्री के निर्माण, अपलोड और प्रसार में शामिल सभी व्यक्तियों/संस्थाओं के खिलाफ जांच शुरू करने का अनुरोध किया है। उन्होंने अनुरोध किया है कि इंटरनेट से ऐसी सभी मनगढ़ंत और अश्लील सामग्री को हटाया जाए।