Box Office Collection Prediction: बॉक्स ऑफिस पर इस शुक्रवार एक साथ कई फिल्में रिलीज हो रही हैं। ओपनिंग डे पर इनमें से किसकी किस्मत चमकने वाली है? यहां जानें…
इस शुक्रवार को सिनेमाघरों में काफी हलचल रहने वाली है। एक ही दिन में 10 से ज़्यादा फिल्में रिलीज हो रही हैं। इनमें साउथ की करीब 7 से 8 फिल्में शामिल हैं, साथ ही हॉलीवुड फिल्म 'सुपरमैन' और दो हिंदी फिल्में 'मालिक' और 'आंखों की गुस्ताखियां' भी आ रही हैं। अमर उजाला डिजिटल ने इस शुक्रवार को लेकर दो बड़े ट्रेड एक्सपर्ट्स राज बंसल और सुमित कडेल से बात की…
विज्ञापन
राजकुमार लोगों की पसंद हैं: राज बंसल
राजकुमार राव स्टारर ‘मालिक’ और विक्रांत मैसी स्टारर ‘आंखों की गुस्ताखियां’ के क्लैश पर राज बंसल कहते हैं, 'कल करीब 10-11 फिल्में आ रही हैं। ज्यादातर फिल्में छोटे या मिड-बजट की हैं, तो ज्यादा एक्साइटमेंट देखने को नहीं मिल रही। अगर हिंदी फिल्मों की बात करें, तो 'मालिक' से थोड़ी उम्मीद है। राजकुमार राव को लोग पसंद करते हैं। उनकी पिछली कुछ फिल्में ठीक चली हैं। इस समय इंडस्ट्री में उन्हें लकी मस्कट माना जा रहा है। अगर कंटेंट अच्छा निकला, तो 'मालिक' धीरे-धीरे अपना नाम बना सकती है। वहीं 'आंखों की गुस्ताखियां' की ज्यादा चर्चा नहीं है। यह एक छोटी बजट की फिल्म है पर कई बार ऐसी फिल्में भी लोगों को पसंद आ जाती हैं। अगर इसकी कहानी ऑडियंस से जुड़ गई तो धीरे-धीरे इसे भी फायदा मिल सकता है।'
पहले दिन 1.25 करोड़ तक कमाएगी 'आंखों की गुस्ताखियां’
राज बंसल के मुताबिक, 'मालिक' पहले दिन 3.5 से 4 करोड़ रुपये तक कमा सकती है। वहीं 'आंखों की गुस्ताखियां' का ओपनिंग डे कलेक्शन 1 से 1.25 करोड़ रुपये के बीच रह सकता है उन्होंने कहा, 'ओपनिंग चाहे जैसी हो, लेकिन असली बात फिल्म की कहानी पर टिकी होती है। अगर कहानी लोगों को पसंद आई, तो शनिवार-रविवार को ग्रोथ आ सकती है।'
'सुपरमैन' की ओपनिंग 8 से 10 करोड़: सुमित कडेल
वहीं एक्सपर्ट सुमित कडेल बताते हैं, 'हॉलीवुड फिल्म 'सुपरमैन' की एडवांस बुकिंग बहुत अच्छी चल रही है। हम मानकर चल रहे हैं कि पहले दिन यह फिल्म इंडिया में 8 से 10 करोड़ रुपये तक कमा सकती है। वो आगे कहते हैं, 'सुपरमैन जैसी फ्रेंचाइज फिल्मों की एक तय ऑडियंस होती है। ये फिल्में प्रमोशन से ज्यादा अपनी पहचान के दम पर चलती हैं, जैसे 'जुरासिक वर्ल्ड' या 'फास्ट एंड फ्यूरियस'।'
आंखों की गुस्ताखियां
- फोटो : यू्ट्यूब- @ZeeStudiosOfficial
'मालिक' बनाम 'गुस्ताखियां': ओपनिंग डे पर कौन भारी ?
सुमित कडेल का कहना है, 'राजकुमार राव की पिछली फिल्मों से तुलना करें तो 'मालिक' की एडवांस बुकिंग थोड़ी कम है, लेकिन फिर भी 3 से 4 करोड़ की ओपनिंग मुमकिन है। फेस वैल्यू के हिसाब से ये ठीक-ठाक शुरुआत मानी जाएगी।’ वही 'आंखों की गुस्ताखियां' को लेकर सुमित कहते हैं, 'इस फिल्म को स्क्रीन कम मिलेंगे क्योंकि सुपरमैन और मालिक जैसी फिल्में पहले से थिएटर में रहेंगी। ऐसे में इसका ओपनिंग कलेक्शन 50 लाख से 1 करोड़ के बीच ही रह सकता है।'
प्रमोशन में कौन आगे?
राज बंसल बताते हैं, 'दोनों फिल्मों ने प्रमोशन में मेहनत की है, लेकिन 'मालिक' की टीम ज़्यादा एक्टिव दिखी है। सोशल मीडिया से लेकर ग्राउंड एक्टिवेशन तक उन्होंने अच्छे से काम किया है।'
कौन मारेगा बाजी?
फिल्म इंडस्ट्री के जानकार मानते हैं कि इस बार का मुकाबला पूरी तरह कंटेंट पर टिका है। ओपनिंग चाहे जैसी हो, लेकिन अगर कहानी अच्छी निकली, तो फिल्में आगे चल सकती हैं।
राज बंसल कहते हैं, 'आजकल वर्ड-ऑफ-माउथ सबसे बड़ी ताकत है। फिल्म अगर दिल से बनी हो और दर्शकों से जुड़ गई, तो धीरे-धीरे थिएटर में भीड़ बढ़ती है।