अमेरिकी रियलिटी टीवी स्टार डुआने 'डॉग' चैपमैन से जुड़ी एक दुखद खबर सामने आ रही है। डुआने 'डॉग' के परिवार में एक हादसा हो गया है, जिसमें 13 साल के बच्चे की मौत हो गई है।
मामले में नहीं हुई कोई गिरफ्तारी
डुआने 'डॉग' चैपमैन के सौतेले बेटे ग्रेगरी जेका ने कथित तौर पर अपने ही 13 वर्षीय बेटे एंथनी को गोली मार दी, जिससे एंथनी की मौत हो गई। टीएमजेड की एक रिपोर्ट के मुताबिक, शनिवार 19 जुलाई को फ्लोरिडा के नेपल्स स्थित एक अपार्टमेंट में यह घटना हुई, जहां गोली लगने से एंथनी की मौत हो गई। जिसके बाद सूचना मिलने पर पुलिस ने कार्रवाई की और मामले में जांच शुरू की। हालांकि, मामले में अभी तक कोई गिरफ्तारी नहीं हुई है।
परिवार ने घटना पर जताया दुख
परिवार की ओर से जारी बयान में कहा गया कि हम एक परिवार के रूप में इस हैरान कर देने वाली दुखद घटना से आहत हैं और इस पर दुख जताते हैं। साथ ही एंथनी के निधन पर लोगों से प्रार्थना करने की अपील करते हैं।
डुआने और फ्रांसीसी चैपमैन के बेटे हैं ग्रेगरी जेका
ग्रेगरी जेका डुआने 'डॉग' की पत्नी फ्रांसी चैपमैन के बेटे हैं। फ्रांसी और डुआने 'डॉग' की शादी 2021 में हुई थी। ये दोनों की दूसरी शादी थी, जो दोनों ने अपने पहले पार्टनर के निधन के बाद की थी। रिपोर्ट के मुताबिक, ग्रेगरी जेका डुआने 'डॉग' की बाउंटी हंटर टीम का हिस्सा बनकर उसके साथ काम करते हैं। 72 साल के डुआने डॉग के कई रिश्तों से 13 बच्चे हैं।