असम के कल्चरल आइकन सिंगर जुबीन गर्ग की मौत का मामला अब भी कोर्ट में है। इस केस में कई मोड़ आ चुके हैं। कई लोग जांच के दायरे में हैं। इस मामले में मुख्य आरोपियों में से एक श्यामकानू महंत ने शनिवार को जमानत के लिए अर्जी दी। साथ ही सिंगर के बॉडीगार्ड नंदेश्वर बोरा ने जमानत की अर्जी कोर्ट में डाली है। इस बात की जानकारी दिवंगत जुबीन गर्ग की पत्नी ने साझा की है।
जुबीन गर्ग की पत्नी ने असम सरकार से की यह अपील
पीटीआई की खबर के अनुसार जुबीन गर्ग के केस की सुनवाई के बाद कामरूप मेट्रोपॉलिटन डिस्ट्रिक्ट और सेशंस कोर्ट के बाहर गरिमा सैकिया गर्ग (जुबीन की पत्नी) मीडिया से बातचीत की। गरिमा ने कहा उनके पति की मौत के समय यॉट पर मौजूद सभी लोगों को असम सरकार की जांच के दायरे में लाया जाना चाहिए।
जुबीन गर्ग की पत्नी ने आरोपी की जमानत याचिका पर दी प्रतिक्रिया
जुबीन गर्ग की पत्नी ने कोर्ट की कार्यवाही देखने के बाद कहा, ‘आज दो और आरोपियों ने जमानत याचिकाएं दायर की हैं। इस बार श्यामकानू महंत और नंदेश्वर बोरा ने जमानत के लिए प्रार्थना की।’ इससे पहले संदीपान गर्ग, अमृत प्रभा महंत और प्रबीन बैश्य ने जमानत के लिए अर्जी दी थी। गरिमा गर्ग को सरकार द्वारा नियुक्त स्पेशल पब्लिक प्रॉसिक्यूटर टीम पर भरोसा है। लेकिन वह कहती हैं, ‘अब मैं दोषियों के लिए सबसे कड़ी सजा चाहती हूं। इन शैतानों को मार देना चाहिए।’
सिंगापुर पुलिस की जांच पर क्या बोलीं गरिमा गर्ग
जब गरिमा गर्ग से सिंगापुर पुलिस की जांच के बारे में पूछा गया तो उन्होंने कहा, ‘वे कहते थे कि यह एक इंडिपेंडेंट जांच है, इसका भारतीय जांच से कोई लेना-देना नहीं है।’ हालांकि जुबीन गर्ग की पत्नी ने जोर देकर कहा कि सिंगर की मौत के समय यॉट पर मौजूद सभी असमिया प्रवासियों को भारत में चल रहे केस में आरोपी बनाया जाना चाहिए। वह कहती हैं, ‘हमारा मानना है कि यॉट पर मौजूद सभी लोग जुबीन की मौत के लिए बराबर जिम्मेदार हैं। उन सभी ने घटना के बाद जुबीन को नजरअंदाज किया। 75 मिनट तक कोई कार्रवाई नहीं की गई। उन सबको ट्रायल का सामना करना ही होगा।’
क्या है जुबीन गर्ग की मौत से जुड़ा मामला?
सिंगर जुबीन गर्ग की पिछले साल 19 सितंबर को सिंगापुर में समंदर में तैरते समय रहस्यमयी परिस्थितियों में मौत हो गई थी। वह नॉर्थ ईस्ट इंडिया फेस्टिवल के चौथे एडिशन में शामिल होने सिंगापुर गए थे। इस कार्यक्रम के मुख्य आयोजक श्यामकानू महंत थे। असम सरकार द्वारा बनाई गई एक एसआईटी ने जुबीन गर्ग की मौत के सिलसिले में सात लोगों को गिरफ्तार किया था। असम के मुख्यमंत्री हिमंत बिस्वा सरमा ने जुबीन की मौत को हत्या बताया था। हालांकि, सिंगापुर पुलिस ने इस मामले में किसी भी गड़बड़ी से इनकार किया।