जब हॉलीवुड के टॉप 6 स्टूडियो में शुमार होने वाले वार्नर ब्रदर्स की फिल्म की रिलीज डेट शाहरुख खान की जीरो के चक्कर में बदल जाए तो समझ आने लगता है कि निर्देशक आनंद एल राय की फिल्म जीरो आम फिल्म नहीं है।
पिछली फिल्मों रईस और जब हैरी मेट सेजल में नाकामी चखने वाले शाहरुख ने भी अपने करिअर में अरसे बाद खुद को शाहरुख खान से अलग रखकर कोई किरदार किया है। आनंद एल राय अनौपचारिक बातचीत में कहते हैं, यही उनकी जीत होगी अगर लोग बउआ सिंह को शाहरुख खान के आभामंडल से अलग हटकर देख सकें।
आनंद की बड़ी इच्छा थी कि वह शाहरुख को लेकर मेरठ आएं और यहां के घंटाघर पर खड़े होकर फोटो खिंचाएं। पर बात बनी नहीं। लेकिन, आनंद ने अमर उजाला के पाठकों से वादा किया है कि वह उनसे मिलने का वक्त जरूर निकालेंगे और अपनी पिछले फिल्मों तनु वेड्स मनु, तनु वेड्स मनु रिटर्न्स, और रांझणा को झोली भर भरकर प्यार देने वाले दर्शकों से सीधा संवाद जल्द ही उत्तर प्रदेश के किसी शहर में करेंगे। उल्लेखनीय ये भी है कि आनंद एल राय की इन फिल्मों ने मुंबई वितरण क्षेत्र से ज्यादा कारोबार दिल्ली-यूपी और ईस्ट पंजाब फिल्म वितरण क्षेत्रों में किया है।