सनी देओल, धर्मेंद्र, बॉबी देओल
- फोटो : इंस्टाग्राम-@iamsunnydeol
देओल परिवार के लिए नई शुरुआत जैसी थी फिल्म
श्रेयांश मानते हैं कि ‘यमला पगला दीवाना’ देओल परिवार के लिए सिर्फ एक हिट फिल्म नहीं थी। वो कहते हैं, ‘यह फिल्म देओल परिवार के लिए बहुत अहम रही। इससे पहले भी उन्होंने अपने-अपने स्तर पर काम किया था, लेकिन यह फिल्म एक बड़ी ब्लॉकबस्टर बनी। धर्मेंद्र जी, सनी और बॉबी देओल को एक साथ इस तरह देखना दर्शकों को बेहद पसंद आया। यह फ्रेंचाइजी उनके अपने घर से निकली और सीधे ब्लॉकबस्टर साबित हुई।’
हिट हैं बॉबी के वीडियोज
बॉबी देओल की मौजूदा लोकप्रियता पर बात करते हुए श्रेयांश कहते हैं, ‘हमारे पास यूट्यूब और दूसरे डिजिटल प्लेटफॉर्म्स का डेटा है। हमने साफ तौर पर देखा है कि जब भी बॉबी देओल की कोई फिल्म या वीडियो क्लिप अपलोड की जाती है, तो ऑडियंस ट्रैक्शन अचानक बढ़ जाता है। अगर आप दूसरे बड़े कलाकारों से भी तुलना करें, तो बॉबी देओल के वीडियो पर ज्यादा स्पाइक देखने को मिलता है। ‘एनिमल’ के बाद से ही उनकी फैन फॉलोइंग कई गुना बढ़ी है। धर्मेंद्र जी, सनी देओल और बॉबी देओल, तीनों की अपनी अपनी मजबूत ऑडियंस है। यही वजह है कि हमें पूरा भरोसा है कि फिल्म को दोबारा रिलीज को जबरदस्त रिस्पॉन्स मिलेगा।’
दिवंगत अभिनेता धर्मेंद्र
- फोटो : एक्स (ट्विटर)
यह धर्मेंद्र के सिनेमाई सफर को सलाम है
बातचीत के अंत में श्रेयांश कहते हैं, ‘यह री-रिलीज सिर्फ हंसी और एंटरटेनमेंट का जरिया नहीं होगी, बल्कि यह धर्मेंद्र जी के लंबे और यादगार सिनेमाई सफर को सलाम करने का एक भावनात्मक अवसर भी बनेगी। देओल परिवार की ऑन स्क्रीन केमिस्ट्री और पारिवारिक रिश्तों की गर्माहट एक बार फिर ऑडियंस को बड़े पर्दे पर देखने को मिलेगी।’
कैसी फिल्म थी 'यमला पगला दीवाना'?
समीर कर्णिक के निर्देशन में बनी फिल्म ‘यमला पगला दीवाना’ का नाम 1975 में आई धर्मेंद्र अभिनीत फिल्म ‘प्रतिज्ञा’ के मशहूर गीत ‘मैं जट यमला पगला दीवाना’ से लिया गया था। फिल्म की कहानी कनाडा में रहने वाले एक भारतीय युवक की है, जो अपने बिछड़े पिता और भाई की तलाश में बनारस पहुंचता है। यहां से तीनों की जिंदगी बदलती है और सफर पंजाब तक जाता है। पंजाब में कहानी हास्य और भावनात्मक मोड़ों से गुजरती है, जहां तीनों मिलकर छोटे भाई की प्रेम कहानी को पूरा करने की कोशिश करते हैं। इसी दौरान लड़की के अजीब परिवार से टकराव फिल्म को मजेदार बना देता है। देसी हास्य, पारिवारिक भावनाएं और संगीत इस फिल्म की खास पहचान हैं।
धर्मेंद्र की आखिरी फिल्म
धर्मेंद्र की आखिरी फिल्म ‘इक्कीस’ है, जो एक वॉर ड्रामा है। इस फिल्म में अमिताभ बच्चन के नाती अगस्त्य नंदा और अक्षय कुमार की भांजी सिमर भाटिया भी अहम भूमिकाओं में नजर आएंगे। यह फिल्म 25 दिसंबर 2025 को रिलीज होगी।