कमल हसन की फिल्म 'विश्वरूपम' की रिलीज पर मचे हंगामे को देखते हुए निर्देशक बिजोय नांबियार ने अपनी फिल्म 'डेविड' में से लकी अली द्वारा गाए गीत ‘या हुसैन’ को फिल्म से हटाने का मन बना लिया है। फिल्म का यह गीत मोहर्रम पर दर्शाया गया है। फिल्म के इस गीत पर इस्लाम समुदाय के कुछ लोगों ने आपित्त जताई थी और फिल्म के निर्देशक से इसे हटाने की मांग की थी।
नांबियार के मुताबिक इस्लाम संगठन ने इस गाने पर आपित्त दर्ज की थी। नांबियार ने कहा, "उनसे मुलाकात करने के बाद मैं इस नतीजे पर पहुंचा। इस फिल्म के रिलीज के विरोध से बचने के लिए अच्छा है कि एक गाना फिल्म से हटा दिया जाए।"
नांबियार यह भी बताते हैं कि वह चाहते तो वह इस मुद्दे को कानून लड़ाई से अपनी ओर झुका लेते पर वह नहीं चाहते कि उनकी फिल्म की रिलीज में देरी हो। इस देरी से उनकी फिल्म को ही खामियाजा भुगतना पड़ता था। 'डेविड' पहली फरवरी को सिनेमा घरों में दस्तक देने जा रही है। इस फिल्म में नील नीतिन मुकेश की अहम भूमिका है।