अरिजीत के माफी मांगने के बाद भी सलमान खान का गुस्सा कम होता नहीं दिख रहा है। पहले तो अरिजीत का गाया हुआ गाना फिल्म सुल्तान से हटा दिया गया उनकी जगह वह गाना अब पाकिस्तानी गायक राहत फतेह अली खान से गवाया गया है। और अब सलमान खान का अरिजीत को लेकर एक बयान आया है।
जैसे ही सलमान से अरिजीत सिंह के गाने को हटाने पर सवाल किया गया तो उन्होंने कहा, "ये कौन है? मैं नहीं जानता। क्या कोई सिंगर है?" सलमान ने आगे कहा, "कई फिल्मों में सिंगर्स को रिप्लेस किया जाता है। लोग आते हैं और गाकर चले जाते हैं।
यह डायरेक्टर और प्रोड्यूसर्स के ऊपर है कि वे किसे पसंद करते हैं? मेरी आवाज को भी एक बार रिजेक्ट कर दिया गया था? इसलिए किसी को अपसेट नहीं होना चाहिए।" जब सलमान से अरिजीत सिंह के फेसबुक पर लिखे गए माफीनामे के बारे में पूछा गया तो उन्होंने कहा, "उस स्मार्ट कमेंट्स और पोस्ट्स से साफ नजर आ रहा है कि उनका मकसद क्या है।"
सलमान-अरिजीत के बीच दो साल पहले ये हुआ था
गिल्ड अवॉर्ड (फरवरी 2014) में अरिजीत सिंह को बेस्ट सिंगर का अवॉर्ड मिला था। तब उस प्रोग्राम को सलमान खान होस्ट कर रहे थे। अरिजीत जब स्टेज पर पहुंचे तो सलमान ने कहा- क्यों सो गया था क्या? तब अरिजीत ने कहा, आप लोगों (सलमान और रितेश देशमुख) की होस्टिंग ने तो मुझे सुला ही दिया था।
सलमान इससे चिढ़ गए। उन्होंने कहा कि जैसे गाने तुम गाते हो, उससे तो नींद ही आएगी। इसके बाद उन्होंने अरिजीत से ‘तुम ही हो...’ गाने को कहा। अरिजीत जब गाने लगे तो सलमान उनकी नकल करने लगे। इसके बाद सलमान ने अरिजीत से कहा- ये रहा आपका अवॉर्ड और अब जाओ। इस दौरान दोनों ही कुछ अपसेट नजर आए थे।
फेसबुक पर काफी लंबी पोस्ट लिखकर सलमान से माफी मांगी थी अरिजीत ने
इसके बाद अरिजीत ने सलमान की किसी भी फिल्म में गाना नहीं गाया था। अरिजीत ने अपने फेसबुक पेज पर काफी लंबी पोस्ट लिखकर सलमान खान से माफी मांगी थी। लेकिन सलमान खान ने उसका कोई रिप्लाई नहीं दिया था। इसके बाद अरिजीत सिंह ने अपनी पोस्ट यह कहकर हटा ली थी कि उनका मैसेज सलमान तक पहुंच गया है।