राजीव गांधी हत्याकांड भारत मे अब तक की सबसे जटिल और चर्चित घटनाओं में से एक है। भारतीय इतिहास में रुचि लेने वाला हर एक शख्स इस घटना की बारीकियां और इसके पीछे रहे कारण को जानने के लिए उत्सुक रहता है। लोगों की इसी दिलचस्पी को ध्यान में रखते हुए एक नया शो बनने जा रहा है जिसका नाम है, केस फाइल्स।
शो के शुरू होने से पहले ही इसके कई सीजन्स की तैयारी चल रही है। सूत्रों के मुताबिक इस वेब शो का हर सीजन में देश के अलग अलग हाई प्रोफाइल केस पर आधारित होगा। वेब शो का फोकस देश के सामाजिक, राजनैतिक और आर्थिक मामलों पर प्रभाव डालने वाले अलग अलग आपराधिक मामलों पर रहेगा।
जानकारी के मुताबिक दिल्ली पुलिस के चर्चित अफसर रहे आमोद कंठ भी इस वेब शो से बतौर कंसल्टेंट जुड़े हैं।आमोद गोवा और अरुणाचल प्रदेश के पुलिस महानिदेशक भी रह चुके हैं। 11 साल पहले वह कांग्रेस की टिकट पर दिल्ली से चुनाव भी लड़ चुके हैं।
वेब सीरीज केस फाइल्स के पहले सीजन में पूर्व प्रधानमंत्री राजीव गांधी हत्याकांड की बारीकियों को दिखाया जाएगा जबकि दूसरे सीजन में 1992 में बॉम्बे स्टॉक एक्सचेंज में हुए हवाला घोटाले के मुख्य आरोपी हंसल मेहता और इस केस से जुड़े कई अनसुने तथ्यों को दिखाया जाएगा।