कान फिल्म फेस्टिवल अपने पूरा शबाब पर है। कान फिल्म महोत्सव में इस साल भारतीय और अंतरराष्ट्रीय हस्तियों ने अपने जलवे बिखेरे। इस दौरान फिल्म मेकर विवेक अग्निहोत्री ने रेड कार्पेट पर एक्ट्रेस और उनके असिस्टेंट को लेकर ट्वीट किया था, जिसपर उनको खरी खोटी सुनने को मिली थी। अब द कश्मीर फाइल्स के निर्देशक ने एक बार फिर उन सेलेब्स पर निशाना साधा है, जो इस साल के कान फिल्म फेस्टिवल में अपने स्टाइलिश अपीयरेंस से सुर्खियां बटोर रहे हैं। अपने हाल के ट्वीट में, उन्होंने सभी को याद दिलाया कि यह एक फिल्म महोत्सव है न कि फैशन शो।
विवेक अग्निहोत्री ने किया कटाक्ष
विवेक अग्निहोत्री के नए ट्वीट ने एकबार फिर से तूफान खड़ा कर दिया है। नए ट्वीट में विवेक अग्निहोत्री ने लिखा, 'क्या आप जानते हैं कि कान्स फिल्म फेस्टिवल फिल्मों के बारे में है? मैंने सोचा कि अगर आप यह सोच रहे हैं कि यह एक फैशन शो है तो शायद मुझे आपको याद दिलाना चाहिए।' विवेक अग्निहोत्री कि यह ट्वीट कई लोगों को पसंद आया, जिन्होंने उनका समर्थन किया, वहीं कुछ लोग ऐसे भी थे, जिनको उनकी बात बिल्कुल पसंद नहीं आई।
इसे भी पढ़ें- Cannes 2023: रेड कार्पेट पर चलने वाले पहले भारतीय उद्यमी बने अमन गुप्ता, बोले- 'गर्व महसूस हो रहा है'
मीरा चोपड़ा ने दिया रिएक्शन
अभिनेता मीरा चोपड़ा जिन्होंने पिछले साल कान्स में डेब्यू किया था, उन्होंने कहा, विवेक जो कहना चाहते हैं, मैं उससे सहमत हूं। उन्होंने लिखा, 'यह बहुत दुख की बात है, मैंने वही बात कही थी जब मैं पिछले साल वहां गई थी, कि यह एक फैशन परेड बन गई है। बॉलीवुड केवल इस बारे में बात करता है कि आपने क्या पहना है और मीडिया में भी इसे इस हद तक कवर किया जाता है कि यह बहुत तनावपूर्णं हो जाता है।