करवा चौथ के मौके पर फिल्म 12 फेल के अभिनेता विक्रांत मैसी का अपनी पत्नी का पैर छूना सोशल मीडिया पर वायरल हो गया। अपनी इस वायरल तस्वीरों पर उन्होंने प्रतिक्रिया दी। उन्होंने इसके पीछे का कारण भी बताया। लोगों को उनका यह व्यवहार काफी पसंद भी आया। वहीं, इस तस्वीर के वायरल होने पर कई लोगों ने उनकी आलोचना भी की। मीडिया से बात करते हुए विक्रांत मैसी ने बताया कि उनके फोन में छह तस्वीरें हैं, जिसमें से चार पर चर्चा हो सकती है। उन्होंने आगे कहा कि कुछ लोग इन तस्वीरों को पसंद करेंगे, जबकि कई इसके लिए गालियां देंगे।
विक्रांत मैसी ने की पत्नी शीतल की तारीफ
मीडिया से बात करते हुए बॉलीवुड अभिनेता विक्रांत मैसी ने कहा, "मेरे फोन में छह तस्वीरें हैं, उनमें से चार तस्वीरें ऐसी हैं, जिनपर चर्चा की जा सकती है। कुछ लोग इन तस्वीरों को पसंद करेंगे, जबकि कुछ मुझे इसके लिए गालियां देंगे। मुझे समझ नहीं आता कि क्यों? मुझे लगता है कि अगर आपको घर में शांति चाहिए तो आपको समय समय पर अपनी पत्नी के पैर छू लेने चाहिए। लोगों ने उन तस्वीरों को वायरल कर दिया। वह मेरे घर की लक्ष्मी है और मुझे नहीं लगता कि लक्ष्मी का पैर छूना गलत है। मैं गर्व से कहता हूं कि वह मेरी जिंदगी में 10 साल पहले आई और मेरे जीवन को बेहतर बना दिया। जब से वह मेरी जिंदगी में आई है तब से मेरे साथ सबकुछ अच्छा हो रहा है। इसे बरकरार रखने के लिए मैं उसका पैर छूता रहूंगा।"
पत्नी के छूए पैर
विक्रांत मैसी ने अपनी पत्नी शीतल के साथ करवा चौथ की तस्वीरें शेयर की। इस तस्वीर में शीतल पूजा करते हुए दिख रही हैं और कुछ तस्वीरों में विक्रांत मैसी अपनी पत्नी के पैर छूते हुए दिख रहे हैं। यूट्यूबर अमीन जाज से बात करते हुए विक्रांत मैसी ने शीतल के साथ अपने रिश्तों की बात की। उन्होंने बताया कि उनकी मां ही थीं, जिन्होंने दोनों को शादी से पहले एकसाथ रहने के लिए कहा था। उन्होंने कहा, "हम लगभग एक दशक से साथ हैं। हमने शादी से पहले एक-दूसरे को आठ वर्षों तक डेट किया। इस दौरान हम दोनों की आकांक्षाएं समान हो गई। हम रिलेशनशिप के दौरान सात वर्षों तक एकसाथ ही रहे। शुक्र है कि मेरे माता-पिता वास्तव में बहुत प्रगतिशील है।"