खबर आ रही है कि फिल्म के मेकर्स ने 'विक्रम' के हिंदी वर्जन के वितरण की जिम्मेदारी पेन स्टूडियो के वितरण विभाग पेन मरुधर को दे दी है। गंगूबाई काठियावाड़ी और आरआरआर जैसी फिल्मों की रिलीज से जुड़े होने के बाद, डॉ जयंतीलाल गड़ा की पेन मरुधर ने कमल हासन अभिनीत इस फिल्म को हिंदी भाषी राज्यों में डिस्ट्रिब्यूट करने का निर्णय लिया है। इस बात की जानतारी प्रोडक्शन ने ट्वीट कर दी है।
बता दें कि फिल्म में कमल हासन की प्रेमिका के रूप में शानवी श्रीवास्तव नजर आ सकती हैं। यह फिल्म 3 जून 2022 को दुनियाभर के सिनेमाघरों में रिलीज होने जा रही है। इस फिल्म की खास बात यह है कि फिल्म का शीर्षक कमल हासन अभिनीत एक और नामी फिल्म से प्रेरित प्रतीत होता है, जो 1986 में रिलीज हुई थी। हालांकि नई फिल्म के टीजर और पुरानी फिल्म में कोई समानता नहीं दिखती है। बता दें कि 80 के दशक में रिलीज हुई फिल्म 'विक्रम', एक जासूसी एक्शन थ्रिलर थी जिसमें विक्रम को एक गुप्त एजेंट के रूप में दिखाया गया था और इसमें सत्यराज, अमजद खान, डिंपल कपाड़िया, लिज़ी ने महत्वपूर्ण भूमिका निभाई थी। वहीं नए जमाने के विक्रम का निर्देशन लोकेश कनगराज ने किया है और संगीत अनिरुद्ध रविचंदर ने दिया है।