सैदापेट कोर्ट ने चेन्नई पुलिस को अभिनेता सूर्या, उनकी पत्नी ज्योतिका और जय भीम के निर्देशक टीजे ज्ञानवेल के खिलाफ मामला दर्ज करने का निर्देश दिया है।
साउथ फिल्म इंडस्ट्री इन दिनों अपनी फिल्मों को लेकर देशभर में चर्चा का विषय बनी हुई है। वहीं, दूसरी तरफ साउथ के कई कलाकाल लगातार कानूनी शिकंजे के फंसते नजर आ रहे हैं। हाल ही में मलयालम फिल्म निर्माता सनल कुमार शशिधरन के गिरफ्तार होने की खबर सामने आई थी। वहीं, अब एक और साउथ अभिनेता से जुड़ी बड़ी खबर सामने आई है। सैदापेट कोर्ट ने चेन्नई पुलिस को अभिनेता सूर्या, उनकी पत्नी ज्योतिका और जय भीम के निर्देशक टीजे ज्ञानवेल के खिलाफ मामला दर्ज करने का निर्देश दिया है।
दरअसल, रुद्र वन्नियार सेना नामक एक वन्नियार समूह द्वारा शिकायत दर्ज की गई थी। अपनी याचिका में उन्होंने कहा था कि फिल्म जय भीम में कई दृश्य वन्नियार समुदाय की छवि को धूमिल कर रहे हैं। संबंधित समुदाय ने फिल्म की रिलीज के समय भी जय भीम पर प्रतिबंध लगाने की मांग की थी। इसके साथ ही समुदाय ने यह भी कहा था कि वे चाहते हैं कि फिल्म से आपत्तिजनक दृश्यों को हटा दिया जाए। उन्होंने फिल्म जय भीम की टीम से हर्जाने के तौर पर 5 करोड़ रुपये और बिना शर्त माफी की भी मांग की थी।
शुरुआत में हिंदी भाषी लोगों को फिल्म के एक सीन से काफी परेशानी भी हुई थी। दरअसल, फिल्म के एक सीन में प्रकाश राज हिंदी में बोलने के लिए एक आदमी को थप्पड़ मारते नजर आए थे। जिसके बाद इस सीन पर काफी हंगामा भी हुआ था। वहीं वन्नियार समुदाय के सदस्यों ने दावा किया कि फिल्म उनकी छवि खराब करती है। वन्नियार संगम ने इसके बाद सूर्या, ज्योतिका, निर्देशक टीजे ज्ञानवेल और अमेज़न प्राइम वीडियो को कानूनी नोटिस भेजा।