इस साल की सुपरहिट फिल्म 'गली बॉय' में रणवीर सिंह के साथ ‘मोईन’ के किरदार में नजर आने वाले अभिनेता विजय वर्मा का यह साल काम के लिहाज से काफी अच्छा गुजर रहा है। विजय के बीबीसी के लिए मीरा नायर के अंर्तराष्ट्रीय प्रोजेक्ट ‘द सुटेबल ब्यॉय’ का हिस्सा बनने के बाद विजय इस साल जल्द ही एक और हिंदी फिल्म में नजर आने वाले हैं।
‘हुड़दंग’ नाम की इस फिल्म में विजय के साथ विक्की कौशल के भाई सनी कौशल और नुसरत भरूचा मुख्य भूमिका में होंगे, जबकि फिल्म का निर्देशन निखिल नागेश भट्ट करेंगे।
विजय कहते हैं, “मैं हुड़दंग की टीम के साथ काम करने को लेकर बहुत खुश हूं और इस चुनौती से निपटने के लिए मै पूरी तरह तैयार हूं। इस फिल्म के जरिए वापस 90 के दौर को जीने को लेकर मैं बहुत उत्साहित हूं।”
90 के दशक की पृष्ठभूमि पर आधारित रोमांटिक लव स्टोरी हुड़दंग की शूटिंग जुलाई के पहले सप्ताह से शुरू होगी। फिल्म में विजय के किरदार को लेकर अभी कुछ खुलासा नहीं किया गया है। फिल्म के अन्य कलाकार सनी कौशल इससे पहले ‘गोल्ड’ और ‘सनशाइन म्यूजिक टूर्स एंड ट्रैवेल्स’ में नजर आ चुके है जबकि नुसरत ‘सोनू के टीटू की स्वीटी’ और ‘प्यार का पंचनामा 2’ जैसी कई फिल्मों में काम कर चुकी है।