बॉलीवुड में इन दिनों #MeToo कैंपेन ने जोर पकड़ा हुआ है। आए दिन नए नामों का खुलासा हो रहा है जिसने कही न कही सिनेमाजगत की जड़ें जरूर हिला दी है। इस कैंपेन को लेकर बॉलीवुड दो गुटों में बंटता हुआ नजर आ रहा है कुछ लोग इस मूवमेंट का खुलेआम समर्थन कर रहे हैं तो कुछ लोग इसका विरोध। इस दौरान 'मनमर्जियां' एक्टर विक्की कौशल ने इस कैंपेन को लेकर बड़ा बयान दिया है। इसके साथ ही उन्होंने लोगों से गुजारिश की है कि महिलाओं की आपबीती पर यकीन करें।
#MeToo के बारे में बात करते हुए विक्की कौशल ने कहा - 'यह बहुत ही अच्छा हो रहा है। यह देखकर अच्छा लग रहा है कि महिलाएं आपबीती लोगों के सामने लेकर आ रही हैं। यह मायने नहीं रखता कि मामला आज का है कि एक साल पुराना या फिर 100 साल पुराना। महिलाओं के लिए इस तरह की बातें लोगों के सामने लेकर आना बहुत बड़ी बात है। खासतौर से पूरी दुनिया के सामने।'
विक्की कौशल ने कहा - 'हम लोग उन लोगों के लिए इतना तो कर ही सकते हैं कि उन्हें एक ऐसा प्लेटफॉर्म दें जहां पर वह खुलकर बात कर सकें। इसके साथ ही उन बातों को गंभीरता से लें। विक्की कौशल ने यह सब बातें एक इवेंट के दौरान कही।' इस इवेंट में उनके साथ फिल्म मेकर विक्रमादित्य मोटवानी भी मौजूद थे लेकिन उन्होंने इस कैंपेन के बारे में कुछ भी कहने से मना कर दिया।
आपको बता दें, विक्की कौशल ने 'संजू' फिल्म में कमली का किरदार निभाया था जिसके बाद उनके सितारे बुलंदियों पर हैं। हाल ही में विक्की कौशल की 'मनमर्जियां' फिल्म रिलीज हुई थी जिसे बॉक्स ऑफिस पर अच्छा रिस्पांस मिला था।