हॉलीवुड से शुरू हुआ मीटू कैंपेन भारत में इतना बड़ा रूप ले लेगा शायद किसी को नहीं पता था। तनुश्री दत्ता द्वारा नाना पाटेकर पर लगाए यौन शोषण के आरोप के बाद इसमें कई बड़ी हस्तियों के नाम सामने आए। हर दिन एक नए नाम के खुलासे से पूरा देश हैरान है।
ताजा आरोप पत्रकार विनोद दुआ पर लगा है। विनोद दुआ पर ये आरोप फिल्ममेकर निष्ठा जैन ने लगाए हैं। निष्ठा ने सोशल मीडिया पर विनोद दुआ पर आरोप लगाते हुए लिखा- उस वक्त मैं जामिया मास कम्यूनिकेशन सेंटर से ग्रेजुएट कर रही थी। इस दौरान मैं इंटरव्यू के लिए विनोद दुआ के पास गई थीं। यह इंटरव्यू एक नए शो के लिए होना था जो पॉलिटिकल सटायर पर आधारित था।
निष्ठा जैन का आरोप है कि वे इंटरव्यू के लिए बैठीं तभी विनोद दुआ ने एक सैक्सु्अल जोक बोल दिया जिससे वह अनकंफर्टेबल महसूस करने लगीं और उन्हें गुस्सा भी आया। इसके बाद विनोद दुआ ने उनसे सैलरी पूछी तो उन्होंने 5000 बताया। 5000 सुनते ही विनोद दुआ भड़क उठे और बोले- 'तुम्हारी औकात क्या है? इसके बाद मैं भरी हुई आंखों से बाहर आ गई। इस घटना के बारे में अपने भाई को बताया।
निष्ठा ने आगे लिखा- मेरे दोस्तों के द्वारा विनोद दुआ को पता चल जाता था कि मैं कब तक ऑफिस में काम कर रही हूं। एक दिन विनोद दुआ ने मुझे पार्किंग के पास देख लिया। मुझे देखकर उन्होंने कार में आने के लिए कहा।
निष्ठा ने आगे लिखा- मैंने सोचा वह अपनी गलती के लिए माफी मांगेंगे इसलिए मैं कार में बैठ गई लेकिन इसके बाद विनोद दुआ के चेहरे से ऐसा लगा कि वे मुझे देखकर लार टपका रहे हैं। मैं तुरंत कार से बाहर आई और ऑफिस की तरफ भागी। इसके बाद एक बार फिर विनोद दुआ ने मुझे पार्किंग के पास देख लिया लेकिन मैं उन्हें अवॉइड करने में कामयाब रही। कुछ समय बाद विनोद दुआ ने ऐसा करना बंद कर दिया।