बॉलीवुड का हर सितारा आईफा अवार्ड का इंतजार करता है। इस बार के आईफा अबू धाबी में होने जा रहे हैं। इनका आयोजन अबू धाबी के यस द्वीप में 20 और 21 मई को होगा। इस बार के टेक्निकल अवार्ड किसे मिलेंगे इस बात की जानकारी हम आपको पहले ही दे चुके हैं। दरअसल विक्की कौशल की फिल्म सरदार उधम ने तीन श्रेणियों में अंतर्राष्ट्रीय भारतीय फिल्म अकादमी 2022 के तकनीकी पुरस्कार जीते हैं। विक्की कौशल की पत्नी कटरीना कैफ इस बात से बहुत खुश हैं। विक्की को बधाई देने और चीयर करने के लिए उन्होंने सोशल मीडिया पर एक तस्वीर शेयर की है।
विक्की कौशल का आया जवाब
कटरीना कैफ ने अपने इंस्टाग्राम अकाउंट पर एक न्यूज स्टोरी की तस्वीर शेयर की है। जिसपर लिखा है कि विक्की कौशल की फिल्म सरदार उधम को तीन अवॉर्ड्स मिलेंगे। इसके साथ कटरीना ने दिल वाली इमोजी भी बनाई है। जिसके जवाब में विक्की कौशल ने अपने इंस्टा हैंडल पर कटरीना की स्टोरी शेयर की और किस वाले इमोजी भी बनाए।
क्या है सरदार उधम की कहानी
बता दें कि आईफा 2022 के लिए तकनीकी पुरस्कारों के विजेताओं की घोषणा मंगलवार को हो गई। जिसमें सरदार उधम ने छायांकन, संपादन और स्पेशल इफेक्ट वाली श्रेणियों में जीत हासिल की। ये सरदार उधम सिंह की कहानी है, जिन्होंने भारत के लिए ब्रिटिश अधीनता के खिलाफ लड़ाई लड़ी थी। फिल्म 1919 के जलियांवाला बाग नरसंहार में बेरहमी से मारे गए लोगों के जीवन का बदला लेने के लिए सरदार उधम के मिशन पर केंद्रित है।
दिसंबर में एक-दूजे के हुए थे
विक्की और कटरीना की बात करें तो दोनों ने 9 दिसंबर 2021 को राजस्थान के एक भव्य लेकिन सीक्रेट समारोह में शादी की थी। इस दौरान केवल उनके परिवार के सदस्य और फिल्म इंडस्ट्री के कुछ चुनिंदा लोग ही शादी में शामिल हुए थे। शादी के बाद अक्सर ये जोड़ा कहीं न कहीं घूमता हुआ दिखाई दे जाता है।