'विक्की डोनर' को तीन राष्ट्रीय पुरस्कार मिले हैं। सर्वश्रेष्ठ मनोरंजक फिल्म होने के साथ-साथ इस फिल्म के दो कलाकारों को सर्वश्रेष्ठ सहायक अभिनेता और सर्वश्रेष्ठ सहायक अभिनेत्री का पुरस्कार भी मिला है।
'विक्की डोनर' को तीन राष्ट्रीय पुरस्कार मिलने की खबर सुनकर फिल्म के निर्देशक सुजीत सरकार उत्साहित हैं। इस फिल्म में एक ऐसे लड़के की कहानी है, जो तुरंत पैसा बनाने के लिए स्पर्म डोनर (शुक्राणु दाता) बन जाता है।
'विक्की डोनर' को सर्वश्रेष्ठ लोकप्रिय फिल्म का पुरस्कार मलयालम फिल्म 'उस्ताद होटल' के साथ मिला है। यह न केवल फिल्म निर्माता के रूप में जॉन अब्राहम की पहली फिल्म है, बल्कि इसी फिल्म के जरिए वीडियो जॉकी आयुष्मान खुराना ने अभिनय की दुनिया में कदम रखा।
फिल्म में शानदार अभिनय करने के लिए सर्वश्रेष्ठ सहायक अभिनेता का पुरस्कार अनु कपूर और सर्वश्रेष्ठ सहायक अभिनेत्री का पुरस्कार डॉली अहलूवालिया को मिला।
सुजीत सरकार ने कहा "यह बिना बड़े कलाकार की फिल्म थी। मैं अनु कपूर और डॉली अहलूवालिया को लेकर बेहद खुश हूं। मैं पटकथा लेखिका जूही चतुर्वेदी को धन्यवाद देता हूं, जिन्होंने शानदार काम किया।"