मलयालम फिल्म इंडस्ट्री से एक दुखद खबर सामने आई हैं। दिग्गज मलयालम एक्टर जी के पिल्लई का 97 वर्ष की आयु में निधन हो गया। दिग्गज अभिनेता जीके पिल्लई मलयालम फिल्म इंडस्ट्री में एक बड़ा नाम थे। उन्होंने कई फिल्मों में अपने अभिनय से लोगों के दिल में जगह बनाई थी। उनके निधन की खबर से मलयालम इंडस्ट्री में शोक की लहर है। दिग्गज अभिनेता आयु संबंधित बीमारियों से ग्रसित थे। जीके पिल्लई फिल्मों में खलनायक की भूमिका में नजर आते थे और अपने शानदार अभिनय से किरदार में जान डाल देते थे। वह लगातार 65 सालों से फिल्मों और धारावाहिकों में काम रहे थे।
भारतीय सेना में भी थे कार्यरत-
मलयालम सिनेमा में जीके पिल्लई एक जाना-माना नाम थे लेकिन अभिनय के क्षेत्र में आने से पहले वह सेना में कार्यरत थे। उन्होंने भारतीय सेना और नौसेना में 13 सालों तक अपनी सेवाएं दी। इसके बाद उन्होंने अभिनय की ओर रुख किया। जीके पिल्लई ने अपने जीवन में 300 से भी ज्यादा फिल्मों और कई धारावाहिकों में काम किया। जीके पिल्लई को उनके खलनायक के किरदारों के लिए जाना जाता था।
जीके पिल्लई ने फिल्मों में अपने करियर की शुरुआत साल 1954 में आई फिल्म 'स्नेह सीमा' से की थी। इस फिल्म को एसएस राजन ने निर्देशित किया था। इसके बाद ने कई फिल्मों में काम किया, अस्सी के दशक में पिल्लई अभिनय के क्षेत्र में खासा सक्रिय थे, लेकिन उसके बाद साल 1990 के समय उन्होंने अचानक अभिनय से ब्रेक ले लिया और काफी लंबे समय तक किसी फिल्म या धारावाहिक में दिखाई नहीं दिए।
धारावाहिक से शुरू की अभिनय की दूसरी पारी-
इसके बाद सन् 2000 में जीके पिल्लई ने अपने अभिनय की दूसरी पारी शुरू की और कई धारावाहिकों में काम किया। उन्होंने 'अरोमालुन्नी' 'चोला' 'कार्यस्थान' 'अश्वमेधम' आदि में काम करके दोबारा अपने अभिनय का लोहा मनवाया। इसके बाद में टेलीविजन इंडस्ट्री में भी पहचाने जाने लगें।