देशभर में कोरोना का कहर लगातार बढ़ता जा रहा हैं। महाराष्ट्र सहित कई राज्यों में स्थिति पहले से ज्यादा खराब हो गई है। वहीं मशहूर गीतकार और चुनिंदा फिल्मी गीत लिखने वाले पंडित किरण मिश्र का आज कोरोना के चलते निधन हो गया है। उन्होंने मुंबई के सेवेन हिल्स अस्पताल में 67 साल की उम्र में अंतिम सांस ली। बता दें कि पंडित किरण मिश्र ने 15 दिन पहले ही कोरोना वैक्सीन की पहली डोज ली थी। जिसके दो दिन बाद उन्हें मामूली बुखार आया था और डॉक्टर की सलाह के अनुसार उन्होंने दवाइयां ली थीं।
गौरतलब है कि पंडित किरण मिश्र सैंकड़ों भक्ति गीत और कई फिल्मों के साथ-साथ कई लोकप्रिय धारावाहिकों के लिए भी गीत लिख चुके हैं। जाने-माने गायक अनूप जलोटा ने उनके द्वारा लिखे लगभग 50 से अधिक भक्ति गीत गाए हैं। इस दुख की घड़ी में अनूप जलोटा ने भी उन्हें याद किया और भावुक होकर बोले, 'बेहद सरल और सादगी पसंद शख्स थे पंडित किरण मिश्र। उनका व्यवहार बहुत ही अपनत्व भरा हुआ करता था। यह कोई उम्र नहीं थी जाने की। उन्हें और उनकी दोस्ती को मैं हमेशा याद करूंगा।'