वरुण धवन और जान्हवी कपूर की फिल्म 'बवाल' रिलीज हो चुकी है। यह फिल्म ओटीटी पर आई है। नितेश तिवारी द्वारा निर्देशित इस फिल्म को दर्शकों की मिलीजुली प्रतिक्रिया मिल रही है। फिल्म में वरुण धवन अजय दीक्षित उर्फ अज्जू के रोल में नजर आए हैं। फिल्म को फैंस से मिल रही प्रतिक्रिया से वरुण धवन काफी खुश हैं। उन्होंने सोशल मीडिया पर एक पोस्ट साझा कर सभी का शुक्रिया अदा किया है।
साझा किया पोस्ट
वरुण ने अपने आधिकारिक इंस्टाग्राम अकाउंट से एक पोस्ट शेयर किया है। इसमें लिखा है, 'अज्जू भैया ने माहौल बना दिया। अपने दिल में 'बवाल' को जगह देने के लिए शुक्रिया। मुझे अपनी किसी भी फिल्म के लिए इतने फोन नहीं आए। लोगों पर इस फिल्म का असर शानदार है। अज्जू को देखने और परिवार के साथ इस फिल्म को एंजॉय करने के लिए शुक्रिया'।
सेलेब्स ने दी प्रतिक्रिया
एक्टर के इस पोस्ट पर यूजर्स के साथ-साथ बॉलीवुड सेलेब्स की भी प्रतिक्रिया आ रही है। करण जौहर, राशि खन्ना, मुकेश छाबड़ा समेत तमाम सेलेब्स ने प्रतिक्रिया दी है। बता दें कि वरुण धवन इस फिल्म में इतिहास के टीचर की भूमिका में हैं। फिल्म में जान्हवी कपूर उनके अपोजिट नजर आई हैं। जान्हवी के भाई अर्जुन कपूर ने भी अपनी इंस्टा स्टोरी पर फिल्म की तारीफ की है।