हाल ही में हुए आइफा अवॉर्ड्स के दौरान वरुण धवन ने करण जौहर और सैफ अली खान के साथ मिलकर वंशवाद के विषय पर एक्ट्रेस कंगना रनौत का खूब मजाक उड़ाया था, लेकिन उनका ये मजाक लोगों को नगवार गुजरा और उन्होंने सोशल मीडिया पर तीनों स्टार्स को खूब लताड़ा।
लगता है इसके बाद वरुण धवन को शायद थोड़ा होश आ गया और उन्हें अपनी गलती का अहसास हुआ। वरुण ने आइफा अवॉर्ड्स में वंशवाद विषय पर माफी मांगी है। मंगलवार को ट्वीट करते हुए उन्होंने अपने ट्विटर अकाउंट पर लिखा, ' मैंने जो किया उसका मुझे बहुत दुख है। अगर मैंने किसी को आहत किया हो या किसी को मेरी बात से दुख पहुंचा हो तो मैं उससे माफी मांगता हूं।'
I express my apology and regret .. I am extremely sorry if I have offended or hurt anyone with that act..
— Varun Dhawan (@Varun_dvn) July 18, 2017
वहीं वरुण धवन के बाद करण जौहर ने भी आइफा के दौरान कंगना का मजाक उड़ाने पर माफी मांग ली है और पूरे मामले की जिम्मेदारी अपने ऊपर ली है। एक न्यूज चैनल को हाल ही में दिए इंटरव्यू के दौरान करण ने कहा कि उस मजाक का आइडिया उन्हीं का था और इसलिए इस पूरे मामले की जिम्मेदारी वो अपने ऊपर लेते हैं। करण मानते हैं कि उन्हें ऐसा नहीं करना चाहिए था।
बता दें कि कुछ महीनों पहले करण जौहर के ही चेट शो पर कंगना रनौत ने करण जौहर पर वंशवाद को बढ़ावा देने के लिए जिम्मेदार ठहराया था। कंगना का कमेंट करण को रास नहीं आया और तभी से कंगना करण की आंखों में खटकने लगीं। कई मौकों पर करण जौहर और कंगना ने एक-दूसरे के लिए काफी कुछ कहा। अब जब हाल ही में आइफा अवॉर्ड्स के दौरान भी कुछ ऐसा हुआ तो उसमें कंगना को खूब मजाक उड़ाया गया जिसमें वरुण धवन भी शामिल थे।
अब देखना ये होगा कि इस पूरे मामले पर कंगना रनौत क्या जवाब देती हैं।