अभिनेता सुनील शेट्टी ने सीएम से कहा, '90 प्रतिशत बॉलीवुड ड्रग्स नहीं लेता है। वो सिर्फ कड़ी मेहनत करके लोगों तक अपना काम पहुंचाते हैं। इसलिए जरूरी है कि बॉलीवुड बायकॉट टैग को हटाया जाए, ताकि बॉलीवुड की बिगड़ी छवि को सुधारा जा सके।' उन्होंने यह भी कहा कि 'इस टैग को हटाने की जरूरत है। टोकरी में एक सड़ा हुआ सेब हो सकता है, पर हम सभी ऐसे नहीं हैं। हमारी कहानियां और संगीत दुनिया से जुड़ा हुआ है। इसलिए इस कलंक को दूर करने की जरूरत है। कृपया इस संदेश को पीएम नरेंद्र मोदी तक भी पहुंचाएं।'
बता दें कि मीटिंग के दौरान सीए योगी आदित्यनाथ ने बॉलीवुड सितारों से उत्तर प्रदेश में बन रही फिल्म सिटी पर बात की। मीटिंग में सुनील शेट्टी के अलावा कैलाश खेर, सुभाष घई, जैकी श्रॉफ, सोनू निगम, रवि किशन और बोनी कपूर समेत कई बड़ी हस्तियों ने हिस्सा लिया। मीटिंग को लेकर कैलाश खेर ने मीडिया बातचीत के दौरान कहा, 'उत्तर प्रदेश कनेक्टिविटी और सुरक्षा सहित हर पहलू में विकास कर रहा है। योगी आदित्यनाथ पीएम मोदी के 'एक भारत, श्रेष्ठ भारत' के विजन की दिशा में काम कर रहे हैं। उत्तर प्रदेश में फिल्म सिटी का विकास हो रहा है।'
सीएम योगी और फिल्मी सितारों के बीच हुई मीटिंग में मशहूर बॉलीवुड प्रोड्यूसर-डायरेक्टर बोनी कपूर ने हिस्सा लिया। बातचीत को लेकर बोनी कपूर ने कहा, 'मेरी एक फिल्म का डायलॉग है, 'जब मैंने एक बार कमिटमेंट कर दी तो मैं खुद की भी नहीं सुनता। इसी की तर्ज पर जब योगी जी ने ठान लिया कि प्रदेश में फिल्म सिटी बनेगी, तो बनवा देंगे।' उन्होंने आगे कहा कि 'मैंने अपनी आखिरी 3 फिल्मों की शूटिंग यूपी में की।'