बॉलीवुड फिल्म 'गदर एक प्रेम कथा' में सनी देओल के बेटे 'जीते' के किरदार से दर्शकों के दिलों को जीतने वाले एक्टर उत्कर्ष शर्मा की डेब्यू फिल्म 'जीनियस' का ट्रेलर रिलीज हो गया है। पता हो कि लंबे समय से उनकी यह फिल्म चर्चा में हैं। फिल्म में उत्कर्ष शर्मा के अलावा नवाजुद्दीन सिद्दीकी और मिथुन चक्रवर्ती मुख्य भूमिका में हैं।
खास बात यह है कि उत्कर्ष के साथ फिल्म की मुख्य एक्ट्रेस इशिता चौहान भी 'जीनियस' से बॉलीवुड में कदम रख रही हैं। बात करें फिल्म के ट्रेलर की तो इसको देखकर कहा जा सकता है कि यह देश भक्ति से प्रेरित फिल्म है। फिल्म में नवाजुद्दीन सिद्दीकी विलेन की भूमिका में हैं। फिल्म का शानदार एक्शन सभी दर्शकों के दिलों को जीत लेगा। फिल्म में नवाजुद्दीन सिद्दीकी के देशभक्ति के एक डायलॉग को लेकर विवाद भी हो सकता है।
आपको बात दें कि फिल्म 'जीनियस' के निर्देशक भी सनी देओल की फिल्म 'गदर एक प्रेम कथा' का निर्देशन करने वाले अनिल शर्मा ही हैं। अनिल शर्मा ने ही 'जीनियस' की कहानी को भी लिखा है। फिल्म के निर्माता दीपक मुकुट हैं। जबकि कुमार मनोज मुन्तिशिर और शाबिर अहमद के गीतों को संगीतकार हिमेश रेशमिया ने अपने सुरीले संगीत से सजाया है। यह फिल्म 24 अगस्त को रिलीज होगी।