लघु फिल्म 'उड़ने दो' की अभिनेत्री रेवती ने कहा है कि सिनेमा सामाजिक मुद्दों के प्रति जागरुकता लाने का एक सशक्त माध्यम है।शुक्रवार को फिल्म के ट्रेलर लांच के मौके पर पत्रकारों से बातचीत में उन्होंने यह बात कही।फिल्म 'उड़ने दो' बच्चों के साथ होने वाले दुष्कर्म को लेकर जागरूकता फैलाने के लिए लिए बनाई गई है जिसमें रेवती स्कूल की प्रिंसिपल की भूमिका में नजर आएंगी।
फिल्म के बारे में अभिनेत्री ने कहा कि 'उड़ने दो' एक संवेदनशील मुद्दे पर आधारित फिल्म है। ‘‘सिनेमा सामाजिक मुद्दों के प्रति जागरूकता लाने का एक सशक्त माध्यम है और अगर फिल्म जगत से जुड़ी हस्तियां सामाजिक मुद्दों पर बोलती हैं तो उनकी बात सुनी जाती है, उस पर लिखा जाता है। मुझे खुशी है कि मैं ‘उड़ने दो’ का हिस्सा हूं।
उन्होंने कहा कि वह खुद 5 वर्ष की बेटी की मां हैं और कई बार उन्हें दुष्कर्म को लेकर बात करने को लेकर संकोच महसूस होता है। ऐसे में वे खुद असमंजस में पड़ जाती हैं कि किस प्रकार अपनी बेटी को अच्छे और बुरे स्पर्श के बारे में समझाएं।
अभिनेत्री ने उम्मीद जताई कि फिल्म अपनी छाप छोड़ने में कामयाब होगी। फिल्म की निर्माता ग्रेविटस फाउंडेशन है जबकि निर्देशन आरती बागड़ी ने किया है। फिल्म के ट्रेलर की लांचिंग में बॉलीवुड और राजनीतिक जगत की कई जानी मानी हस्तियों ने शिरकत की।