पिछले कुछ महीनों से बॉलीवुड कलाकारों को अंडरवर्ल्ड से जुड़े अलग-अलग संगठनों से धमकी मिल रही है। इन सितारों ने पुलिस में इसकी एफआईआर भी दर्ज कराई है। लेकिन अब यह बात मीडिया में आनी शुरू हो गई है।
शुक्रवार को मुंबई में हुए एक कार्यक्रम में शाहरुख ने दो टूक लहजे में कहा कि बॉलीवुड में एक बार फिर अंडरवर्ल्ड के आतंक का खतरा मंडरा रहा है। उन्होंने वह समय भी याद किया जब फिल्मों में अंडरवर्ल्ड की काली छाया थी और अंडरवर्ल्ड से जुड़े लोग फिल्मों और फिल्म से जुड़े व्यवसाय में सीधे दखल देने की कोशिश करते थे।
उन्होंने कहा कि अब अंडरवर्ल्ड का मकसद सिर्फ डर दिखाकर या धमकी देकर पैसे उगाही करना भर नहीं है बल्कि वह चाहता है कि कलाकारों के जेहन में अंडरवर्ल्ड का खतरा वैसे ही महसूस हो रहा है जैसे एक समय पहले हुआ करता था।
इस कार्यक्रम में निर्देशक फराह खान भी थीं। फराह ने कहा कि अंडरवर्ल्ड अब महिलाओं पर भी निशाना साधने की कोशिश कर रहा है। अंडरवर्ल्ड की सक्रियता पहले भी थी लेकिन तब महिलाओं पर किसी प्रकार के हमले नहीं किए गए थे।
फिर से बढ़ी हैं घटनाएं
पिछले कुछ समय से अंडरवर्ल्ड से जुड़ी घटनाएं बढ़ी हैँ। महेश भट्ट और शाहरुख को धमकी की घटनाओं ने इन्हें सुर्खियों में ला दिया। इन धमकियों के पीछे डॉन रवि पुजारी का नाम सामने आ रहा है। इसके पहले फिल्म प्रोड्यूसर करीम मोरानी के बंगले शगुन के बाहर गुमनाम हमलावरों ने पांच गोलियां चलाईं।
खबरें थीं कि पुजारी शाहरुख खान की फिल्म के ओवरसीज राइट लेने के लिए ये हरकतें रहा है। इसके अलावा इस साल फरहान अख्तर, सोनू निगम, राम गोपाल वर्मा, प्रोड्यूसर फरहान आजमी और रितेश सिधवानी को अलग-अलग वक्त में अंडरवर्ल्ड से धमकी मिलने की खबरें आ चुकी हैं। इन सबकी एफआईआर भी पुलिस में दर्ज है। इन घटनाओं को देखते हुए पुलिस ने 14 फिल्मी हस्तियों को सुरक्षा देने का फैसला किया है।
90 के दशक में थी अंडरवर्ल्ड की धमक
फिल्मों और अंडरवर्ल्ड से वास्ता रखने वालों को याद होगा कि अंडरवर्ल्ड ने 90 के दशक में फिल्मों में पैठ बना रखी थी। बहुत सारे निर्माता अंडरवर्ल्ड के काले पैसे को फिल्म में लगाकर उसे सफेद करते थे।
उस समय धमकी, फायरिंग और हत्या के जरिए डॉन दाऊद इब्राहिम और छोटा राजन के गुट फिल्म इंडस्ट्री पर दबदबा कायम करने की कोशिश में थे। यही वो दौर था जब कैसेट किंग गुलशन कुमार की हत्या हुई, फिल्म प्रोड्यूसर राकेश रोशन पर कातिलाना हमला हुआ। उनके इस हमले की बॉलीवुड में बहुत निंदा हुई थी।
इस दौर में अंडरवर्ल्ड ने फिल्म इंडस्ट्री में चोरी-चोरी, चुपके-चुपके जैसी बहुत से फिल्मों को फाइनेंस भी किया। इसके बाद अंडरवर्ल्ड के खिलाफ पुलिस और सुरक्षा एजेंसियों का अभियान सख्त हो गया। समय के साथ अंडरवर्ल्ड ने बॉलीवुड से दूरी बना ली थी। लेकिन एक बार फिर फिल्मी दुनिया पर अंडरवर्ल्ड का डर दिख रहा है।