रंगमंच की एक पुरानी कहावत है कि कलाकार भले रंगमंच को छोड़ दे लेकिन रंगमच कभी कलाकार को नहीं छोड़ता है। ऐसा ही कुछ फिल्मकार उमेश शुक्ला के साथ भी है। 'ओह माय गॉड' और '102 नॉट आउट' जैसी फिल्मों के निर्देशन के बाद भी उमेश, रंगमंच से अपना जुड़ाव खत्म नहीं कर सके हैं। सात साल की दूरी के बाद वह फिर एक बार अपने पहले प्यार रंगमंच के पास वापस लौट चुके हैं। वह गुजराती नाटक 'एक रूम रसोदु' (एक कमरा किचन) का निर्देशन कर रहे हैं। यह नाटक सच्ची घटना पर आधारित है।
आखिरी बार सात साल पहले गुजराती नाटक 'ईश्वर दे हिसाब' का निर्देशन कर चुके उमेश फिल्मों में लगातार सक्रिय रहने के बाद भी थियेटर को याद करते हैं। उमेश का कहना है कि कुछ महीने पहले जब उनके पास कुछ खाली समय था तब उन्होंने इस नाटक का निर्देशन करने का निश्चय किया था। नाटक के बारे में बात करते हुए उन्होंने कहा, 'यह एक सिविल कॉन्ट्रेक्टर की जिंदगी की कहानी है जिसने उस फ्लैट में काम किया था जिसे मैंने कुछ सालों पहले खरीदा था। खास बात यह है कि जब वह दूसरों के फ्लैट पर काम किया करता था तब वह उसी दौरान अपना फ्लैट खरीदने के बारे में सोचता था। इस कहानी को उन्होंने हास्यपूर्ण तरीके से एक संदेश के साथ पेश करने की कोशिश की है।
नाटक से अपने जुड़ाव को लेकर उमेश ने कहा, 'थियेटर एक ऐसी जगह जहां आपको अपने क्राफ्ट पर काम करने का मौका मिलता है। मुझे इस प्रक्रिया में बहुत ही आनंद आता है। मैंने यह निश्चय किया है कि मैं साल भर में कम से कम एक नाटक तो जरूर निर्देशित करूं। मैं इसका वादा नाटक के पहले शो के बाद अपने फैंस से भी करूंगा।' नाटक 'एक रूम रसोदु' जयेश मेहता द्वारा लिखित और सौम्या जोशी, चेतन गांधी और रिद्धि नायक शुक्ला द्वारा निर्मित है। इस नाटक में जयेश बरभैया, रिद्धी नायक शुक्ला और कमलेश ओझा ने मुख्य किरदार निभाया है।
उमेश की अपनी अगली फिल्म की शूटिंग का पहला शेड्यूल पूरा हो चुका है। इस फिल्म के नाम की घोषणा नहीं की गई है। फिल्म में अभिमन्यु दसानी, मृणाल ठाकुर, परेश रावल, शर्मन जोशी और विजय राज मुख्य भूमिका में हैं। फिल्म की शूटिंग पिछले साल सितंबर महीने में स्विट्जरलैंड में शुरू हुई थी जो करीब 15 दिनों तक चली थी। फिल्म के बारे में उमेश ने बताया, 15 जनवरी से हम फिर एक बार फिल्म की शूटिंग शुरू करेंगे जिसके बाद हम पजांब रवाना हो जाएंगे जहां हम करीब एक महीने रहेंगे।
पढ़ें: रणवीर सिंह ने कुछ ऐसे दी कपिल देव को जन्मदिन की बधाई, इन तीन अनदेखी तस्वीरों को किया शेयर