पूर्व प्रधानमंत्री राजीव गांधी की जिंदगी पर आधारित एक नहीं दो फिल्में पाइप लाइन में हैं। निर्देशक आदित्य ओम के साथ शीतल तलवार उनकी जिंदगी पर फिल्म बनाने की तैयारी कर रहे हैं।
फिल्म 'बंदूक' से निर्माण और निर्देशन के क्षेत्र में कूदे अभिनेता आदित्य ओम अब पूर्व प्रधानमंत्री राजीव गांधी के हत्याकांड पर एक डॉक्यू ड्रामा फिल्म 'हू किल्ड राजीव' बनाने जा रहे हैं। आदित्य ओम के अनुसार इस तरह की फिल्में हॉलीवुड में तो बनती रहती हैं, लेकिन अपनी इंडस्ट्री के लिए यह नई बात होगी।
आदित्य ओम ने यह भी स्पष्ट किया है कि उनकी फिल्म पॉलिटिकल न होकर थ्रिलर होगी। बकौल आदित्य, इस फिल्म को फिल्माने के लिए उन्होंने पांच साल तक रिसर्च की है। इस फिल्म में 1984 से 1991 तक का कालखंड होगा।
'हू किल्ड राजीव' के लिए उन्हें बहुत सारी फुटेज भारत सरकार के फिल्म डिविजन प्रभाग ने उपलब्ध करवाई है। बता दें कि आदित्य ओम मूल रूप से उत्तर प्रदेश के सुल्तानपुर के निवासी हैं, लेकिन साउथ के नामी एक्टर हैं। वे तमिल, तेलुगु और कन्नड़ भाषाओं की बत्तीस से अधिक फिल्मों में बतौर हीरो काम कर चुके हैं।
राजीव गांधी पर एक और फिल्म निर्देशिका भवाना तलवार और उनके निर्माता पति शीतल तलवार मिलकर बनाने की तैयारी कर रहे हैं। फिल्म को लेकर किसी प्रकार का विवाद न हो इसके लिए निर्माता और निर्देशक, सोनिया गांधी और राहुल गांधी से मिलकर इस फिल्म को बनाने की अनुमति लेना चाहते हैं।
उनकी स्वीकृति के बाद ही यह फिल्म बननी शुरू होगी। सूत्रों से मिली जानकारी के अनुसार इस फिल्म में राजीव गांधी के राजनीतिक सफर के अलावा उनके व्यक्तिगत जीवन की भी कहानी होगी।