सलमान खान जल्द ही संजय लीला भंसाली की अगली फिल्म में नजर आ सकते हैं। दोनों के बीच एक फिल्म को लेकर बातचीत जारी है। इस खबर की पुष्टि खुद सलमान खान ने की है।
डीएनए के मुताबिक उन्होंने कहा, 'हम दोनों एक स्क्रिप्ट पर बात कर रहे हैं। हालांकि ये फिल्म तभी शुरू होगी जब मेरी सभी फिल्मों की शूटिंग पूरी हो जाएगा। संजय भी 'पद्मावती' की शूटिंग के बाद ही इसपर आगे काम करेंगे।' खबरें आ रही थीं कि संजय की अगली फिल्म शाहरुख या प्रियंका के साथ हो सकती है, लेकिन सलमान के बयान के बाद इन खबरों पर विराम लग गया है। संजय और सलमान ने साथ में 'हम दिल दे चुके सनम' जैसी हिट फिल्म दी है। साल 1999 में आई ये फिल्म उस साल की सबसे ज्यादा कमाई करने वाली फिल्म में से एक है। सलमान आखिरी बार संजय लीला भंसाली की साल 2007 में आई फिल्म 'सांवरिया' में दिखे थे।
सलमान की बात की जाए तो उनके पास अभी काफी फिल्में हैं। उनकी 'ट्यूबलाइट' इसी महीने रिलीज होनी है। इसके अलावा वो 'टाइगर जिंदा है' की शूटिंग में भी काफी व्यस्त चल रहे हैं। इन दोनों फिल्मों के बाद सलमान अपने भाई अरबाज खान की 'दबंग 3' की शूटिंग शुरू करेंगे। सलमान कोरियोग्राफर से डायरेक्टर बने रेमो डिसूजा की डांस पर आधारित अगली फिल्म का भी हिस्सा होंगे। वहीं संजय लीला भंसाली अभी दीपिका, रणवीर और शाहिद के साथ फिल्म 'पद्मावती' की शूटिंग में व्यस्त हैं।