फिल्म 'टॉक्सिक' के चलते नहीं कर पाएंगे मुलाकात
अभिनेता यश ने अपने जन्मदिन से एक दिन पहले आज बुधवार को इंस्टाग्राम स्टोरी पर एक पोस्ट शेयर किया है। इसमें उन्होंने अपने फैंस को संबोधित किया है। एक्टर ने लिखा है, 'मेरे प्यारे प्रशंसकों, सच कहूं तो मुझे इस बात का पूरा एहसास है कि आप पिछले कुछ वर्षों से मुझसे मिलने का कितना इंतजार कर रहे हैं। मेरा यकीन कीजिए, मैं भी आप सभी से मिलने के लिए उतना ही बेताब हूं। मैं सच में इस साल अपने जन्मदिन पर ऐसा करना चाहता था, लेकिन मैं फिल्म को पूरा करने में पूरी तरह से लगा हुआ हूं, ताकि यह 19 मार्च, 2026 को सिनेमाघरों में आपके लिए तैयार हो सके। इस वजह से, मैं अभी आपसे पर्सनली नहीं मिल पाऊंगा'।
कहा- 'मैं वादा करता हूं कि जल्द इसकी भरपाई करूंगा'
अभिनेता यश ने आगे लिखा है, 'भले ही हम अभी मिल नहीं पाएं, लेकिन मैं वादा करता हूं कि मैं इसकी भरपाई करूंगा। हम बहुत जल्द और भी बड़े तरीके से मिलेंगे। इस बीच, मैं पर्सनली आपकी सभी शुभकामनाओं को देखूंगा और आपके भेजे गए प्यार के हर पल को संजोकर रखूंगा। आपका, यश'।
फिल्म 'टॉक्सिक' की स्टारकास्ट
'टॉक्सिक' गीतू मोहनदास द्वारा लिखित है। इस फिल्म को कन्नड़ और इंग्लिश में एक साथ शूट किया गया है। इसे हिंदी, तेलुगु, तमिल और मलयालम सहित कई भाषाओं में डब किया जाएगा। इस फिल्म में यश के अलावा तारा सुतारिया, हुमा कुरैशी, नयनतारा और कियारा आडवाणी नजर आएंगी।