अभिनेता टाइगर श्रॉफ पर रविवार को जानलेवा हमला हुआ। गोलीबारी की घटना में वे बाल-बाल बचे हैं। मामले की जांच जारी है। हथियार पहुंचाने से लेकर हमले की योजना तक कई कड़ियां खुल रही हैं और चौंकाने वाली बातें सामने आ रही हैं। अब इस मामले पर शायना एनसी, अबू आजमी और राज बब्बर ने बयान दिए हैं।
सलमान पर बोलीं शिवसेना नेता
टाइगर श्रॉफ पर हुई फायरिंग की घटना को लेकर शिवसेना नेता शायना एनसी ने कहा, 'टाइगर श्रॉफ किसी भी विवाद में शामिल नहीं रहते हैं। अगर आप उनकी जिंदगी जीने के तरीके को देखें, तो उन्होंने कभी कोई विवादित बयान भी नहीं दिया है। यह कहना गलत होगा कि सलमान खान के करीब होने की वजह से टाइगर पर हमला किया गया। क्योंकि अगर इस नजरिए से देखें, तो कई दूसरे बड़े सितारे भी सलमान खान के करीबी हैं, लेकिन उन पर तो हमला नहीं हुआ। इसलिए मुझे नहीं लगता कि इस मामले में सलमान खान का नाम घसीटना चाहिए या उन्हें बलि का बकरा बनाना चाहिए।'
महाराष्ट्र में कानून-व्यवस्था बेहद खराब है- अबू आसिम आजमी
अभिनेता टाइगर श्रॉफ पर हुई फायरिंग की घटना को लेकर समाजवादी पार्टी के नेता अबू आसिम आजमी ने कहा, 'बाबा सिद्दीकी की हत्या को ही देख लीजिए। वह एक राजनेता थे और सत्ताधारी दल में मंत्री भी थे। उनकी दिनदहाड़े हत्या कर दी गई, लेकिन आज तक हत्या की वजह साफ नहीं हो पाई है। मुझे नहीं लगता कि इस मामले में न्याय मिला है। महाराष्ट्र में कानून-व्यवस्था की स्थिति बेहद खराब है।
अब टाइगर श्रॉफ से जुड़ी घटना को देखिए। गोलियां चलाई गईं और आरोपी ने खुलेआम इसकी जिम्मेदारी भी स्वीकार की। आखिर यह कैसी कानून-व्यवस्था है? उनका कहना है कि उन्होंने आरोपियों को जल्द ही पकड़ लिया, लेकिन क्या वे सच में असली गुनहगार हैं? यह कौन कह सकता है? मैं कहना चाहूंगा कि महाराष्ट्र में कानून-व्यवस्था की स्थिति बेहद खराब है।'
टाइगर मेरे बच्चे जैसा है- राज बब्बर
टाइगर श्रॉफ पर हुए हमले के मामले में कांग्रेस नेता और पूर्व एक्टर राज बब्बर ने कहा, 'मैं इस मुद्दे को राजनीतिक रंग नहीं देना चाहता, क्योंकि टाइगर मेरे परिवार के एक सदस्य की तरह हैं। जैकी श्रॉफ भी मेरे दोस्त हैं और मेरे बेहद करीबी लोगों में से एक हैं। उनका बच्चा मेरे बच्चे जैसा है। भगवान ने उसकी जान बचा ली।
जहां-जहां बीजेपी की सरकार है, वहां अपराध और नशे का कारोबार बढ़ा है। आप किसी भी राज्य को देख लीजिए, वहां यही स्थिति है। शायद सरकार ने भी इन पर काबू पाने के लिए कदम उठाने से पीछे हटना शुरू कर दिया है।'
टाइगर श्रॉफ पर फायरिंग
- फोटो : सोशल मीडिया
कब हुई टाइगर श्रॉफ की कार पर हुई थी फायरिंग
- अभिनेता टाइगर श्रॉफ की कार पर 18 अक्तूबर को मुंबई के जुहू इलाके में शाम करीब 7 बजे फायरिंग हुई।
- जब अभिनेता फुटबॉल क्लब से निकलकर अपने घर की तरफ जा रहे थे।
- इस घटना में टाइगर श्रॉफ बाल-बाल बच गए थे, जबकि उनके ड्राइवर को चोटें आई थीं।
- अब इस मामले की जांच मुंबई क्राइम ब्रांच कर रही है।
- बुधवार को इस मामले में गिरफ्तार तीन मुख्य आरोपियों को राजस्थान के कोटा से मुंबई लाया गया।
- मेडिकल जांच के बाद उन्हें पूछताछ के लिए एंटी एक्सटॉर्शन सेल के ऑफिस ले जाया गया।
- इसके बाद उन्हें कोर्ट में पेश किया जाएगा।
ये भी पढ़ें- टाइगर श्रॉफ गोलीबारी मामला: आरोपी सुमित की मां का दावा, कहा- मेरा बेटा खाटू श्याम मंदिर गया था, उसे फंसाया गया