हाल ही में अनुराग बसु ने रॉ ऑफिसर रवीन्द्र कौशिक के जीवन पर एक बायोपिक बनाने की घोषणा की है। फिलहाल फिल्म का नाम 'द ब्लैक टाइगर' रखा गया है। यह फिल्म रवीन्द्र के जीवन और देश के प्रति उनके योगदान पर आधारित होगी। हालांकि अभी तक मेकर्स ने फिल्म की कास्ट को लेकर कोई आधिकारिक घोषणा नहीं की है। एक मीडिया हाउस से बातचीत के दौरान अनुराग बसु ने कहा, रविद्र कौशिक की बायोपिक साहस की कहानी है। उन्होंने 20 साल की उम्र से ही देश की सुरक्षा के लिए कई ऐसे काम किए, जिससे 70 से 80 के दशक में देश को बहुत फायदा हुआ'।
इसे भी पढ़ें- Smriti Irani: आज शादी के बंधन में बंधने जा रहीं स्मृति ईरानी की बेटी शेनेल, जानें कब होगा कौन-सा कार्यक्रम
अनुराग बसु ने आगे कहा, 'हमने इतिहास का काफी हिस्सा भुला दिया है, जिसे हमको जानने की जरूरत है'। बता दें कि द ब्लैक टाइगर में रवीन्द्र कौशिक की बहादुरी के किस्से दिखाए जाएंगे। इस रवीन्द्र रॉ के एक शातिर जासूस थे। वह महज 20 साल के थे जब वह अपने पहले मिशन पर गए थे। रवीन्द्र को भारत के बेहतरीन जासूसों में से एक माना जाता है। अपनी बुद्धिमानी के कारण वह पाकिस्तान के उच्च सैन्य पदों के अधिकारियों तक पहुंच गए थे। वह करीब आठ साल पाकिस्तानी सेना में मेजर बनकर रहे। इसी प्रतिभा के कारण तत्कालीन प्रधानमंत्री इंदिरा गांधी ने उन्हें 'द ब्लैक टाइगर' नाम दिया था।
1983 में रवीन्द्र का राज खुल गया। रिपोर्ट्स के अनुसार उन्होंने भारत सरकार से मदद मांगी थी, लेकिन उन्हें मदद नहीं मिली। आखिरकार पाकिस्तानी एजेंसियों ने उन्हें पकड़कर सियालकोट की जेल में कैद कर लिया। इस दौरान उन्हें टॉर्चर किया गया और कई मुकदमे भी चलाए गए। 2001 में टीबी और हार्ट अटैक की वजह से उनकी मौत हो गई।