मल्टीप्लेक्स और सिंगल स्क्रीन सिनेमाघरों को मिलाकर भारत में लगभग 2500 स्क्रीन में रिलीज हुई आमिर खान की फिल्म 'तलाश' ने शुरूआती तीन दिनों में 50 करोड़ का व्यवसाय किया है। ट्रेड के जानकार इसे बेहतर ओपनिंग मान रहे हैं। फिल्म ने सबसे ज्यादा व्यवसाय रविवार को किया। रविवार को इस फिल्म ने करीब 20 करोड़ रुपए का कारोबार किया है।
इस फिल्म को सिंगल स्क्रीन सिनेमा की तुलना में मल्टीप्लेक्सों में ज्यादा तवज्जो मिल रही है। दिल्ली, मुंबई जैसे बड़े शहरों के अलावा छोटे शहरों के सिनेमाघर तलाश के बजाय दीवाली के दिन रिलीज हुई फिल्म 'सन ऑफ सरदार' को ज्यादा प्राथमिकता दे रहे हैं। बावजूद इसके तलाश को अच्छी ओपनिंग मिली है। रिलीज के पहले दिन 30 नवंबर को 'तलाश' ने लगभग 15 करोड़ रूपए का कारोबार किया था।
रिलीज के दूसरे दिन भी कलेक्शन पहले दिन के जितना था। शनिवार को इस फिल्म ने 14.5 करोड़ रूपए कमाए। छुट्टी के दिन रविवार को इसके कलेक्शन को थोड़ी उछाल मिली। रविवार को 'तलाश' ने 20 करोड़ रूपए कमाए। देश के बड़े शहरों में शाम के ज्यादातर शो हाऊसफुल रहे।
तलाश के साथ किसी और फिल्म का प्रदर्शन नहीं हुआ था, पर दीवाली के दिन रिलीज हुई दो फिल्मों 'जब तक है' जान और 'सन ऑफ सरदार' के मल्टीप्लेक्सों में अभी भी बने होने से तलाश को इन फिल्मों से टक्कर मिली है। यह दोनों ही फिल्में 100 करोड़ के क्लब में शामिल हो चुकी हैं। तलाश को बड़ी टक्कर आने वाली शुक्रवार को रिलीज हो रही फिल्म 'खिलाड़ी 786' से मिलेगी। इस फिल्म में अक्षय कुमार मुख्य भूमिका में हैं।